गीले खेत में धान काटने से किया इनकार तो भड़के दबंग! कम्बाइन चालक और मालिक पर हमला, 35 हजार लूटने का आरोप

गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र के कोदरी गांव में गीले खेत में धान काटने से इनकार करने पर कम्बाइन चालक से मारपीट का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे मालिक संजय सिंह पर धारदार हथियार से हमला और 35 हजार रुपये छीनने की शिकायत की गई है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 13 November 2026, 7:59 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के कोदरी गांव में खेत की जमीन गीली होने के कारण धान की फसल काटने से इनकार करना कम्बाइन चालक को भारी पड़ गया। इस बात से नाराज कुछ मनबढ़ों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। चालक को बचाने पहुंचे कम्बाइन मालिक को भी आरोपियों ने निशाना बनाया और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित ने हमलावरों पर जेब में रखे 35 हजार रुपये छीनने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सहजनवां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोदरी गांव निवासी संजय सिंह पुत्र बदल बहादुर सिंह कम्बाइन मशीन के मालिक हैं। गुरुवार को उनका चालक गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में धान की फसल काटने के लिए कम्बाइन मशीन लेकर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि खेत की जमीन काफी गीली थी, जिससे मशीन के धंसने और फंसने की आशंका थी। स्थिति को देखते हुए चालक ने पहले कम्बाइन मशीन को खेत से बाहर निकाला और इसके बाद जमीन सूखने तक धान की कटाई करने से इनकार कर दिया।

Gorakhpur: दहेज हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई! पति, सास और ननद गिरफ्तार

आरोप है कि चालक का यह फैसला खेत से जुड़े कुछ लोगों को नागवार गुजरा। इसी बात को लेकर मनबढ़ों ने चालक के साथ कहासुनी शुरू कर दी और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट करने लगे। चालक के साथ हो रही मारपीट की जानकारी मिलने पर कम्बाइन मालिक संजय सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर चालक को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने संजय सिंह को भी घेर लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया।

पीड़ित संजय सिंह का आरोप है कि मारपीट और हमले के दौरान उनकी जेब में रखे 35 हजार रुपये भी आरोपियों ने छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई।

पागल बंदर ने पूरे गांव को बनाया बंधक; 90% बच्चों ने छोड़ा स्कूल, बदायूं के लोग घरों में कैद

इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच कराई गई है। प्रारंभिक जांच में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  gorakhpur

Published :  13 November 2026, 7:59 PM IST