गोरखपुर में फर्जी प्लॉट का खेल, फर्जी दस्तावेजों से ऐसे हड़पे लाखों

सपनों का आशियाना दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र से सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 8 July 2026, 7:39 PM IST

Gorakhpur: जनपद के सहजनवा क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 28.50 लाख रुपये की कथित ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्लॉट का सौदा कर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए पीड़ित की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बौरडीह निवासी सत्येंद्र मिश्र ने आरोप लगाया कि उन्हें जमीन की आवश्यकता थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात जमीन का कारोबार करने वाले अशोक कुमार नायक से हुई। अशोक ने उनकी मुलाकात बलबीर यादव से कराई और बताया कि गीडा क्षेत्र के सेक्टर-15 में स्थित 714 वर्गमीटर का प्लॉट उनकी पत्नी चंद्रकला यादव के नाम आवंटित है। आरोपियों ने सभी कागजात सही बताते हुए प्लॉट बेचने का भरोसा दिलाया।

पीड़ित के अनुसार, 57.50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। विश्वास में लेकर आरोपियों ने उनसे अलग-अलग तिथियों में चेक और आरटीजीएस के माध्यम से 25 लाख रुपये ले लिए। इतना ही नहीं, प्लॉट को समतल कराने और मिट्टी भराई के नाम पर पीड़ित ने करीब 3.50 लाख रुपये भी खर्च कर दिए।

मामला तब पलट गया जब सत्येंद्र मिश्र ने प्लॉट की रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपी लगातार बहाने बनाकर तारीख टालते रहे। इसी दौरान जांच में पता चला कि जिस प्लॉट का सौदा किया गया था, उसका आवंटन पहले किसी अन्य व्यक्ति के नाम था और बाद में चंद्रकला यादव समेत अन्य लोगों के नाम दर्ज हुआ था। बाद में 15 मई 2025 को गीडा प्रशासन ने उक्त आवंटन निरस्त कर दिया था।

जान से मारने की धमकी का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आवंटन निरस्त होने के बावजूद आरोपियों ने कूटरचित इकरारनामा तैयार कर पीड़ित को गुमराह किया और कुल 28.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे या रजिस्ट्री की मांग की तो आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी।

गोरखपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, कौन हैं गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार तीन वांछित आरोपी

पुलिस की कार्रवाई

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  8 July 2026, 7:16 PM IST