गोरखपुर : विधायक निधि की सीसी रोड का बदला रूट, शिलापट्ट पर दर्ज है पुराना रास्ता

सहजनवां तहसील क्षेत्र के धर्मदास पट्टी में विधायक निधि से निर्मित सीसी रोड के रूट में बदलाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि प्रस्तावित मार्ग के अनुसार निर्माण कराने के बजाय सड़क का रूट बदलकर दूसरे स्थान तक निर्माण करा दिया गया

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 October 2026, 6:21 PM IST

गोरखपुर: सहजनवां तहसील क्षेत्र के धर्मदास पट्टी में विधायक निधि से निर्मित सीसी रोड के रूट में बदलाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि प्रस्तावित मार्ग के अनुसार निर्माण कराने के बजाय सड़क का रूट बदलकर दूसरे स्थान तक निर्माण करा दिया गया। खास बात यह है कि मौके पर लगाए गए शिलापट्ट पर अब भी सड़क का मूल प्रस्तावित रूट दर्ज है, जबकि धरातल पर सड़क का निर्माण दूसरे मार्ग पर कराया गया है। इस मामले में प्रभावित राम सजन शर्मा ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर अनियमितता की जांच कराने की मांग की है।

घर तक सड़क का निर्माण

मिली जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में धर्मदास पट्टी में विधायक निधि से 260 मीटर लंबी सीसी रोड के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसके तहत विनोद मौर्या के घर से राम सजन शर्मा के घर तक सड़क का निर्माण कराया जाना था। इस परियोजना के लिए 19.27 लाख रुपये की धनराशि भी अवमुक्त की गई थी। प्रस्तावित मार्ग के अनुसार सड़क बनने की उम्मीद लगाए बैठे राम सजन शर्मा को उस समय निराशा हुई, जब निर्माण कार्य दूसरे रूट पर करा दिया गया।

विधायक निधि की सीसी रोड का बदला रूट फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज

शिलापट्ट पर सड़क का विवरण

आरोप है कि निर्माण कार्य में प्रस्तावित रूट को बदलते हुए सीसी रोड विनोद मौर्या के घर से फूलदेव दुबे के घर तक बनवा दी गई। इससे प्रस्ताव में शामिल राम सजन शर्मा के घर तक सड़क नहीं पहुंच सकी। वहीं, निर्माण स्थल पर लगाए गए शिलापट्ट पर सड़क का विवरण विनोद मौर्या के घर से राम सजन शर्मा के घर तक दर्ज है। ऐसे में अभिलेखों में दर्ज विवरण और मौके पर हुए निर्माण के बीच अंतर को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

गन्ना किसानों के भुगतान और चीनी की कीमत पर घमासान, कर्नाटक के CM ने की केंद्र से दखल की अपील

मामला जांच और कार्रवाई के दायरे में

मामले को लेकर राम सजन शर्मा ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सड़क के रूट में बदलाव किए जाने के मामले की जांच कराने और प्रस्ताव के अनुसार निर्माण कार्य की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। अब शिकायत के बाद यह मामला जांच और कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।

गोरखपुर: दुष्कर्म के आरोप में युवक को पुलिस ने दबोचा, मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी

इस संबंध में अवर अभियंता सुबोध त्रिपाठी ने बताया कि विवाद होने के कारण सड़क का रूट बदल दिया गया था। उन्होंने स्वीकार किया कि सीसी रोड का निर्माण विनोद मौर्या के घर से फूलदेव दुबे के घर तक कराया गया है। हालांकि, रूट बदलने की प्रक्रिया, इसके लिए सक्षम स्तर से अनुमति और शिलापट्ट पर पुराने रूट का विवरण दर्ज रहने के संबंध में स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करते हैं।

Location :  गोरखपुर

Published :  26 October 2026, 6:21 PM IST