उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बड़हलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दीन दयाल चौक सोती चौराहा पर भयंकर सड़क हादसा हो गया। बता दे कि राज ज्वेलर्स नामक आभूषण की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई।

आग की लपटों से दहला इलाका
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बड़हलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दीन दयाल चौक सोती चौराहा पर भयंकर सड़क हादसा हो गया। बता दे कि राज ज्वेलर्स नामक आभूषण की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की यह घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय लोगों की सतर्कता से आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग दुकान के अंदर स्थित कमरे में लगे मेन स्विच बोर्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के अंदर धुआं भर गया। सुबह का समय होने के कारण बाजार में लोगों की आवाजाही शुरू ही हुई थी, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों में अफरा-तफरी मच गई।
दुकान के मालिक प्रकाश सोनी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक शोक संवेदना के चलते अपने पैतृक गांव गए हुए थे। सोमवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर से धुआं और आग की लपटें उठती देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने बिना देर किए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों की तत्परता और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस अग्निकांड में दुकान के भीतर रखे विद्युत उपकरण, फर्नीचर, सजावट का सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर खाक हो गईं। श्री सोनी के अनुसार इस आगजनी में लगभग तीन से चार लाख रुपये तक के नुकसान का अनुमान है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास स्थित कपड़े की दुकानों सहित अन्य प्रतिष्ठानों तक आग फैल सकती थी। ऐसी स्थिति में बाजार में भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था और पूरा इलाका चपेट में आ सकता था।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि दुकान मालिक और उनका परिवार उस समय मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे किसी बड़ी अनहोनी से सभी सुरक्षित बच गए।
यह घटना एक बार फिर से विद्युत सुरक्षा और पुराने वायरिंग सिस्टम की जांच की आवश्यकता को उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाए ।