
सुबह आठ बजे से शहर में निरीक्षण (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर में लगातार तीन दिनों तक हुई भारी बारिश के बाद रविवार को मौसम साफ होते ही नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और सफाई से जुड़ी समस्याओं के बीच नगर आयुक्त ने सुबह से ही शहर के विभिन्न हिस्सों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों को जल निकासी तेज करने और लोगों को राहत देने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने सुबह करीब आठ बजे शहर के कई प्रमुख इलाकों का दौरा किया। उन्होंने गोलघर, विजय चौक, सावित्री हॉस्पिटल, सुमेर सागर, धर्मशाला अंडरपास और बेतियाहाता स्थित मुंशी प्रेमचंद पार्क समेत कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखी।
इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर, आर्यन हॉस्पिटल वाली गली, चंपा देवी पार्क के आसपास के इलाके, गोरक्ष एंक्लेव के सामने की कॉलोनियों और पाम पैराडाइज के पास बने रेगुलेटर का भी निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने मौके पर अधिकारियों से जल निकासी की स्थिति की जानकारी ली और जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्थलीय निरीक्षण के बाद सुबह 8:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शहर की जल निकासी और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक और निर्माण व जलकल विभाग के अभियंता शामिल हुए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से साफ कहा कि वह केवल कार्यालयों में बैठकर स्थिति की निगरानी न करें, बल्कि फील्ड में रहकर जलभराव और सफाई व्यवस्था पर नजर रखें। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
महराजगंज में बाढ़ का खतरा, निचलौल के संवेदनशील इलाकों में डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा
बारिश के पानी के साथ नालों में पहुंचे कूड़े और प्लास्टिक को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग और अन्य संसाधनों की मदद से पानी निकालने को कहा गया है, ताकि यातायात और आम जनजीवन जल्द सामान्य हो सके।
नगर निगम की टीमों को संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जल निकासी से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए जलकल और निर्माण विभाग के अभियंताओं को भी सक्रिय रहने को कहा गया है।
बारिश रुकने के बाद नगर निगम के सामने अब एक और चुनौती है। जगह-जगह जमा पानी मच्छरों के प्रजनन का कारण बन सकता है। इसे देखते हुए सफाई के बाद प्रभावित क्षेत्रों में चूना, मेलाथियान और एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त ने मलेरिया समेत मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। जोनल और सफाई अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 27 September 2026, 2:34 PM IST