
गोरखपुर पुलिस ने लौटाए इतने गुम मोबाइल
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CCTNS सेल द्वारा CEIR पोर्टल की मदद से 852 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 1,27,78,417 रुपये आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर/नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में की गई। भारत सरकार के CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) के माध्यम से गुम मोबाइलों को ट्रैक कर उनकी लोकेशन और उपयोग में आ रहे सिम कार्ड की जानकारी जुटाई गई। इसके आधार पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने सभी बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
गौरतलब है कि CEIR पोर्टल शुरू होने के बाद से ही गोरखपुर में इसकी मॉनिटरिंग CCTNS सेल द्वारा लगातार की जा रही है। अब तक अलग-अलग चरणों में कुल 2637 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 4,49,35,584 रुपये है। थाना स्तर पर देखें तो कैंट थाना सबसे आगे रहा, जहां से 227 मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा पिपराइच (79), बड़हलगंज (76), गोला (59), गोरखनाथ (52) और शाहपुर (49) थाने भी प्रमुख रहे।
इस सफलता में CCTNS सेल के कम्प्यूटर ऑपरेटरों और पुलिस कर्मियों की अहम भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी दक्षता और सतत प्रयास से गुम मोबाइलों को ट्रेस किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CEIR पोर्टल आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी है। यदि किसी का मोबाइल खो जाए या चोरी हो जाए तो तुरंत पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराकर उसे ब्लॉक और ट्रैक कराया जा सकता है।
गोरखपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल लोगों का भरोसा बढ़ाया है बल्कि यह भी साबित किया है कि तकनीक के सही इस्तेमाल से अपराध नियंत्रण में बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 10 April 2026, 4:15 PM IST