उपद्रवियों पर कसा जाएगा शिकंजा, गोरखपुर में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में जवानों ने दिखाई जबरदस्त तैयारी

गोरखपुर के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आपात स्थितियों से निपटने के लिए व्यापक मॉक दंगा नियंत्रण अभ्यास आयोजित किया गया। एसपी सिटी के निर्देशन में हुए इस ड्रिल में पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और त्वरित प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 July 2026, 2:06 PM IST

Gorakhpur: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में व्यापक मॉक दंगा नियंत्रण अभ्यास आयोजित किया गया। यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में हुआ, जिसमें पुलिस बल की तत्परता, समन्वय क्षमता और त्वरित प्रतिक्रिया का व्यावहारिक परीक्षण किया गया।

जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

अभ्यास की शुरुआत विस्तृत ब्रीफिंग सत्र से हुई। अधिकारियों और जवानों को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी), दंगा नियंत्रण के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीतियों, आपसी समन्वय तथा सार्वजनिक अशांति की स्थिति में संयमित, अनुशासित और विधिसम्मत कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी परिस्थिति में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई सुनिश्चित करनी है।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने को प्रशासन सख्त, नियमों के पालन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

दंगा नियंत्रण की विभिन्न तकनीक

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों ने दंगा नियंत्रण की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास किया। दंगा नियंत्रण उपकरणों, सुरक्षा सामग्री और गैर-घातक हथियारों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन किया गया। साथ ही भीड़ नियंत्रण, विभिन्न फॉर्मेशन बनाकर आगे बढ़ने, उपद्रवियों को नियंत्रित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर भीड़ को सुरक्षित तरीके से तितर-बितर करने की रणनीतियों का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

दक्षता बढ़ाने के लिए नियंत्रित फायरिंग अभ्यास

अभ्यास में विशेष रूप से टीमवर्क, संचार व्यवस्था और त्वरित निर्णय क्षमता को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने जवानों को बताया कि संवेदनशील परिस्थितियों में धैर्य, समन्वय और सटीक निर्णय ही किसी भी चुनौती से सफलतापूर्वक निपटने की कुंजी होते हैं। इसी क्रम में अधिकृत हथियारों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग में दक्षता बढ़ाने के लिए नियंत्रित फायरिंग अभ्यास भी कराया गया।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur Murder Case: मेडिकल के लिए अस्पताल पहुंचा बच्ची का हत्यारा, गुस्साई भीड़ ने जमकर कर दी धुनाई

आवश्यक सुधार के लिए दिए दिशा-निर्देश

वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे अभ्यास की लगातार निगरानी करते हुए विभिन्न टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया और आवश्यक सुधार के लिए मौके पर ही दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के नियमित मॉक अभ्यास पुलिस बल की पेशेवर दक्षता, अनुशासन, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और आत्मविश्वास को मजबूत बनाते हैं। इससे कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करने में सहायता मिलती है तथा आमजन की सुरक्षा और विधिक प्रावधानों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित होता है। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक, प्रतिसार निरीक्षक परिवहन सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  31 July 2026, 2:06 PM IST