हिंदी
गोरखपुर में विकास कार्य की रफ्तार पर सवाल
Gorakhpur: तालनदौर में निर्माणाधीन पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने नाराजगी जताई। सोमवार को स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, भौतिक प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली।
काम की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले महाविद्यालय के मॉडल का अवलोकन किया। इसके बाद हॉस्पिटल ब्लॉक और एकेडमिक ब्लॉक का निरीक्षण कर निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री, भवनों की स्थिति और अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने परियोजना की निर्धारित समयसीमा और वर्तमान भौतिक प्रगति का भी ब्योरा अधिकारियों से प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गति धीमी पाए जाने पर मंडलायुक्त ने निर्माण खंड-भवन, लोक निर्माण विभाग, गोरखपुर के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौके पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और अतिरिक्त संसाधन लगाकर काम की रफ्तार तेज की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
मंडलायुक्त ने साथ ही चेताया कि निर्माण में तेजी के नाम पर गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने तकनीकी मानकों, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कहा कि यह परियोजना गोरखपुर के लिए महत्वपूर्ण है। महाविद्यालय के शुरू होने से पशु चिकित्सा शिक्षा और उपचार की सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने महाविद्यालय तक पहुंचने वाली एप्रोच सड़क की प्रगति की भी जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण खंड-2, लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय बनाकर एप्रोच सड़क का निर्माण भी जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्य भवन तैयार होने के साथ आवागमन की सुविधा भी समय से सुनिश्चित होनी चाहिए।
मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और प्रत्येक स्तर पर निर्माण की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में आने वाली बाधाओं को लंबित न रखा जाए और संबंधित विभागों से समन्वय कर तत्काल समाधान कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को परियोजना की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 24 August 2026, 10:21 PM IST
Topics : Gorakhpur Gorakhpur News mandalayukt gorakhpur pashu chikitsa mahavidyalaya veterinary college construction