गोरखपुर में आखिर ऐसा क्या हुआ कि मामूली दुर्घटना बनी बड़ी वारदात

गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में मामूली वाहन टक्कर के बाद सड़क पर जमकर बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि चारपहिया वाहन चला रही महिला पर कथित रूप से हमला कर दिया गया। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट और अभद्रता करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 13 July 2026, 10:44 PM IST

Gorakhpur: शाहपुर थाना क्षेत्र में सड़क पर हुई एक मामूली वाहन दुर्घटना ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। चारपहिया और दोपहिया वाहन की टक्कर के बाद हुए विवाद में एक महिला चालक के साथ मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के मामले में शाहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना 9 जुलाई की है। पीड़िता अपनी चारपहिया वाहन से जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार की टक्कर एक दोपहिया वाहन से हो गई। आरोप है कि दुर्घटना के बाद दोपहिया सवार झिनकू ने अपने साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर महिला चालक के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट की।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्ततार आरोपी

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी झिनकू पुत्र विक्रम तथा गुड्डी साहनी पत्नी मुनीब और ज्योति साहनी पत्नी गणेश को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी पादरी बाजार स्थित मोहनापुर ओबा टोला, थाना शाहपुर क्षेत्र के निवासी हैं।

सब कुछ कानूनी लग रहा था, लेकिन एक गलती ने खोल दिया करोड़ों का खेल… गोरखपुर में ऐसे हुआ फर्जी बैनामे का खुलासा

मामले में पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना शाहपुर में मु.अ.सं. 322/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 74, 324(4), 281, 115(2), 352, 351(3) और 191(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया माना जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं के बाद बढ़ती हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गोरखपुर पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है।

रात में गायब होते थे ई-रिक्शा, अब खुला चोरी का राज… गोरखपुर पुलिस ने ऐसे आरोपी को दबोचा

पुलिस ने आम नागरिकों से की अपील

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Location :  Gorakhpur

Published :  13 July 2026, 10:38 PM IST