गोरखपुर में नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में आमजन की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस कार्यालय में जनता दरबार
Gorakhpur: जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर एसएसपी कार्यालय आने लगे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार जमीन विवाद, मारपीट, साइबर ठगी, महिला उत्पीड़न, घरेलू और पारिवारिक विवाद जैसे मामलों की शिकायतें सामने आईं। एसएसपी ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने साफ शब्दों में कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी पीड़ित को थाने और कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली, टालमटोल या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। गंभीर मामलों में तत्काल जांच टीम गठित कर कार्रवाई करने और पीड़ित को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने विशेष रूप से महिला संबंधी मामलों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर निस्तारित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर शिकायत की कार्रवाई पारदर्शी होनी चाहिए और फरियादी को उसकी शिकायत की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से दी जाए। साथ ही थानों पर नियमित रूप से जनता की समस्याएं सुनने और थाना प्रभारियों को स्वयं संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि छोटी समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो सके।
Dehradun Crime: आसन नदी किनारे मिला ये क्या? विकासनगर में मची सनसनी
जनता दरबार में एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, एएसपी अरुण कुमार, एसपी यातायात राजकुमार पांडेय, एसपी मंदिर संतोष कुमार और सीओ ऑफिस दीपांशी सिंह राठौर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनता दरबार के बाद शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई। नवागत एसएसपी की इस पहल से फरियादियों में संतोष दिखा और लोगों ने कानून-व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई।