
जब छात्राओं ने संभाला थाना परिस
Gorakhpur: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न थानों में छात्राओं को पुलिसिंग की कार्यप्रणाली से रूबरू कराया गया। पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल मिशन शक्ति के मार्गदर्शन में गीडा, एम्स, गुलरिहा, गोरखनाथ, बेलघाट, खजनी, कैंट, चौरी-चौरा समेत विभिन्न थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों की छात्राओं को थाना परिसर का भ्रमण कराया।
अभियान के दौरान छात्राओं को केवल थाना भवन दिखाने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि पुलिस व्यवस्था के अलग-अलग महत्वपूर्ण हिस्सों की जानकारी भी दी गई। छात्राओं ने मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई केंद्र, कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कक्ष का भ्रमण किया।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस किस तरह उसकी जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाती है।
पुलिस टीमों ने छात्राओं से संवाद करते हुए महिला अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए। छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और अन्य अप्रिय घटनाओं की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी परेशानी में बिना भय और संकोच के शिकायत करना उनका अधिकार है।
साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी विशेष जागरूकता दी गई। पुलिस ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और साइबर जालसाजों से सतर्क रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी अथवा बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।
अभियान के दौरान छात्राओं को महिलाओं के कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने आपात स्थिति में उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों को याद रखने की अपील की।
इनमें वीमेन पावर हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस 108, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें पुलिस व्यवस्था से सीधे जोड़ना है, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में वे तत्काल और निडर होकर सहायता प्राप्त कर सकें।
Location : Gorakhpur
Published : 2 September 2026, 2:19 AM IST