
घटना की जांच करती पुलिस
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में आज शुक्रवार को एक सनसनीखेज हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर के बरामदे में सो रहे एक अधेड़ को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
डाइनामाइट न्यूज़ को मिली जानकारी के अनुसार, शिवपुर निवासी धर्मराज साहनी पुत्र स्व. रघुपत साहनी रोज की तरह रात में अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। बरामदे के दूसरी ओर उनकी पत्नी बदामी देवी भी सोई हुई थीं। पत्नी ने बताया कि लगभग रात 1 बजे अचानक तेज धमाका हुआ जिससे उनकी आंख खुल गई। उन्होंने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति, जिसने काला कोट-पैंट पहन रखा था और सिर पर अंगौछा बांधा हुआ था, भागते हुए अंधेरे में गुम हो गया।
पराली जलाने पर प्रशासन का सख्त एक्शन: DM-SP ग्राउंड जीरो पर, बिना SMS कंबाइन सीज
पत्नी ने जब पास जाकर देखा तो मच्छरदानी के ऊपर से पीछे की ओर दाहिनी तरफ से गोली लगने के कारण धर्मराज लहूलुहान अवस्था में पड़े थे। शोर मचाने पर उनके देवर ब्रम्हा साहनी समेत गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस टीम घायल को लेकर उरुआ बाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां से हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल और फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सुबह करीब 8 बजे मेडिकल कॉलेज ने भी हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें पीजीआई लखनऊ के लिए भेज दिया।
पत्नी बदामी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि “हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। मेरे पति सोखैती और टेंपो चलाकर जीवनयापन करते थे। हमारे चार लड़के और एक लड़की है। दो बच्चों की शादी हो चुकी है, पर अगर इन्हें कुछ हो गया तो मेरे बाकी तीन बच्चों का क्या होगा?”
UP के इस इलाके में हाहाकार! आखिर किस वजह से रो पड़े ग्रामीण?
घटना की सूचना पर सीओ खजनी और एसपी दक्षिणी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शीघ्र न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस हमलावर की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। गांव में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है।
Location : Gorakhpur
Published : 14 November 2025, 3:50 PM IST
Topics : crime news firing Gorakhpur News Sikriganj UP Police