ऑटो की किस्त नहीं भर पाया पिता, दही में मिला दिया जहर; दो मासूमों की मौत

गोरखपुर से सामने आई एक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। परिवार के भीतर पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही घंटों में ऐसी त्रासदी में बदल गया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। एक पिता पर ऐसा आरोप लगा है जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 June 2026, 1:03 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गीडा थाना क्षेत्र के बरवार खुर्द इलाके में एक पिता पर अपने ही दो मासूम बच्चों की हत्या करने का आरोप लगा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार में आर्थिक तंगी और ऑटो की ईएमआई को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

EMI के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी सत्यम कन्नौजिया ऑटो चालक है। परिवार के लोगों का कहना है कि वह अपने ऑटो की ईएमआई जमा करने के लिए माता-पिता से पैसों की मांग कर रहा था। जब बुजुर्ग माता-पिता ने आर्थिक असमर्थता जताई, तो वह नाराज हो गया। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बाद उसने एक ऐसी साजिश रची, जिसने पूरे परिवार को तबाह कर दिया।

Firozabad News: कार का दरवाजा खुला और पलभर में बिखर गया परिवार, CCTV में कैद हुआ दिल दहला देने वाला हादसा

घर में मौजूद थे तीनों बच्चे

घटना के समय आरोपी की पत्नी संजू देवी अपने कार्यस्थल पर थीं। घर में उनकी तीन संतानें मौजूद थीं, जिनमें 11 वर्षीय प्रज्ञा, 8 वर्षीय प्राची उर्फ परी और 5 वर्षीय अक्षत शामिल थे। देर शाम आरोपी घर पहुंचा और बच्चों के लिए दही लेकर आया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दही में जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। आरोपी ने तीनों बच्चों को दही खाने के लिए दिया। हालांकि बड़ी बेटी प्रज्ञा ने दही खाने से इनकार कर दिया, जबकि छोटे भाई-बहन ने उसे खा लिया।

11 वर्षीय बेटी की सूझबूझ से खुला मामला

दही खाने के कुछ समय बाद दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनकी हालत देखकर बड़ी बहन प्रज्ञा घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। उसने तुरंत अपने दादा और बुआ को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पहले उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत

डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद 8 वर्षीय प्राची और 5 वर्षीय अक्षत को बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। मासूम भाई-बहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

Chandauli: सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का लेप, मचा हंगामा, सभासदों ने किया ये काम

दादा की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बच्चों के दादा अनिल कन्नौजिया की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी गीडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में शोक और गुस्से का माहौल

इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। स्थानीय लोग और पड़ोसी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि एक पिता अपने ही बच्चों के साथ ऐसा कदम उठा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जबकि परिवार गहरे सदमे में है।

Location :  Gorakhpur

Published :  6 June 2026, 1:03 PM IST

Advertisement