Gorakhpur News: चाइनीज मांझे की चपेट में आया बाइक सवार, गाल पर लगे 8 टांके

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद भी चाइनीज मांझे के प्रयोग में कमी नहीं आ रही है। जिससे बाइक सवारों और आम लोगों की जान पर बन आयी है। लगातार होती घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, जो प्रशासनिक सख्ती पर सवाल खड़े कर रही हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 7 February 2026, 3:13 AM IST

Gorakhpur: प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। बड़हलगंज कस्बे के बाईपास रोड निवासी कारोबारी आलोक दुबे शुक्रवार दोपहर चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मांझे से उनका चेहरा बुरी तरह कट गया, जिससे वह संतुलन खोकर बुलेट से सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तत्काल उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनके गाल पर आठ टांके लगे।

बाइक से आ रहे थे घर वापस

घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की है। आलोक दुबे दोहरीघाट से सामान लेकर बड़हलगंज स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह दोहरीघाट पुल पार कर रहे थे, अचानक उनके चेहरे पर किसी तेज धारदार चीज़ के चुभने का अहसास हुआ। जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक चाइनीज मांझे ने उनके चेहरे को गहराई से काट दिया।

मांझे से कटने के बाद आलोक दुबे बाइक से गिर पड़े। चेहरे से तेज़ी से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें उठाया और तत्काल दुर्गावती अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों के अनुसार आलोक दुबे के गाल पर 8 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।

Bihar Politics News: सांसद पप्पू यादव ने गिरफ्तारी को लेकर बिहार सरकार पर लगाये ये गंभीर आरोप  

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। अर्पित शाही, डॉ. शिवेंद्र सिंह, डॉ. प्रशांत सिंह, राजेश पाल और आदर्श चौबे सहित कई लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई की मांग की। चाइनीज मांझे से लगातार हादसे हो रहे हैं। अगर इस पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो यह किसी की जान भी ले सकता है।

सीएम योगी की चेतावनी के बाद भी जानलेवा मांझे का इस्तेमाल

गौरतलब है कि 5 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ चेतावनी दी थी कि अगर चाइनीज मांझे से किसी की मौत होती है तो इसे हत्या माना जाएगा। जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में चाइनीज मांझे की जब्ती के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

गोरखपुर में दहेज की भूख: तीन लाख दहेज के बाद भी नहीं भरा मन, महिला पर जुल्म; अब पुलिस का चला चाबुक

इसके बावजूद गोरखपुर सहित कई इलाकों में चाइनीज मांझे की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, जो प्रशासनिक सख्ती पर सवाल खड़े कर रही हैं।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 7 February 2026, 3:13 AM IST