Gorakhpur: बाइक सवारों ने छीना था मोबाइल, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा; फोन और बाइक बरामद

गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनैती के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर छिनैती का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की।

Gorakhpur: उत्तरप्रदेश के गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में बाइक सवारों द्वारा मोबाइल छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से छिनैती किया गया एक एंड्रायड मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ताल क्षेत्र के बड़गो निवासी मो. ताज पुत्र रमजान अली और शाहिद पुत्र मुख्तार अली के रूप में हुई है।

6 अक्टूबर को मोबाइल छीनकर हुए थे फरार

पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को बाइक सवार आरोपियों ने वादी का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद रामगढ़ताल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0486/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।

यह भी पढ़ें: Gorakhpur: थप्पड़ कांड के बाद ‘गला काटने’ की धमकी, डीएम कार्यालय के बाहर निषाद पार्टी का प्रदर्शन

पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से छिनैती किया गया एंड्रायड मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मो. ताज के खिलाफ इसी मामले में धारा 304(2) और 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं आरोपी शाहिद के खिलाफ वर्तमान मामले के अलावा वर्ष 2024 में धारा 363 भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज रहा है।

यह भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर में बड़ा फर्जीवाड़ा बेनकाब, जाली ST सर्टिफिकेट के सहारे नौकरी पाने वाली शिक्षिका बर्खास्त, अब होगी सैलरी रिकवरी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी चिड़ियाघर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, कांस्टेबल अंकित यादव, जितेन्द्र कुमार पाण्डेय, रिजर्व कांस्टेबल अंश सिंह, विनय सिंह, गौरव मिश्रा, आदित्य सिंह और उत्पल यादव शामिल रहे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  gorakhpur

Published :  8 October 2026, 7:27 PM IST

Advertisement