गोरखपुर के खजनी-बिगही मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने नाबालिग ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार और अनट्रेंड चालकों के कारण अब तक कई हादसे हो चुके हैं।

कटघर-बिगही मार्ग पर उग्र प्रदर्शन
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के खजनी क्षेत्र स्थित कटघर-बिगही मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। आज बुधवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और अनट्रेंड व नाबालिग ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, आक्रोशित लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर बेलगाम ट्रैक्टर चालकों के कारण अब तक सैकड़ों हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है और कई स्थायी रूप से अपंग हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ईंट-भट्ठों से जुड़े ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं और तेज ध्वनि में स्पीकर बजाते हुए सड़क पर दौड़ते हैं, जिससे राहगीरों और बाइक सवारों को भारी खतरा बना रहता है। प्रदर्शनकारियों ने डीएस मार्क, काका मार्क और बेस्ट मार्क ईंट-भट्ठा संचालकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे नाबालिग और अप्रशिक्षित चालकों को काम पर रख रहे हैं, जिससे आम जनता की जान जोखिम में पड़ रही है।
बरपार बरगाह निवासी अंतिमा यादव, पुत्री हरिओम यादव, हाल ही में एक हादसे में गंभीर रूप से घायल होकर अपना पैर गंवा चुकी हैं। वहीं संदीप यादव भी ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हुए हैं। क्षेत्र के जगरनाथ चौबे, संजय यादव, अमित यादव, उदय राज, अवतार, सत्य प्रकाश शर्मा, गोलू यादव, रामप्रसाद, रोहन, बलवंत समेत कई ग्रामीणों ने प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर मोटी परत में मिट्टी जमी हुई है, जिससे हल्की बारिश में भी लोग फिसलकर घायल हो जाते हैं। कई बार शिकायत और तहरीर देने के बावजूद न तो अवैध संचालन पर रोक लगी और न ही स्पीड ब्रेकर बनाए गए। लोगों का आरोप है कि प्रशासन आंख पर पट्टी बांधकर हादसों का तमाशा देख रहा है।
Muzaffarnagar Crime: गंगनहर पुल पर अचानक क्या हुआ? CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई, नाबालिग चालकों पर रोक नहीं लगी और सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो बड़ा जनांदोलन किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और लोग प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।