Gorakhpur: रात के अंधेरे में चल रहा मिट्टी ढुलाई का खेल, तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रालियों से मंडरा रहा हादसे का खतरा

गोरखपुर में मिट्टी खनन का खेल अब लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। उनवल क्षेत्र में तेज रफ्तार मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों की आवाजाही से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक चल रहे इस कारोबार से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 August 2026, 5:50 AM IST

Gorakhpur: जिले के उनवल चौकी अंतर्गत नगर पंचायत उनवल के वार्ड नंबर चार और सात से होकर गुजरने वाले मार्गों पर मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों की तेज आवाजाही ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी खनन कर ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए देर रात तक ढुलाई की जा रही है। एक साथ कई ट्रैक्टर तेज रफ्तार में गुजरने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों में हादसे का भय बना हुआ है।

ट्रैफिक नियमों की उड़ रही धज्जियां

स्थानीय लोगों का कहना है कि मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर दौड़ रही हैं। कई वाहनों के पास मिट्टी परिवहन से संबंधित वैध रॉयल्टी और आवश्यक कागजात होने की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है। एक साथ कई ट्रैक्टरों के गुजरने से सड़क पर धूल का गुबार उठता है, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को काफी दिक्कत होती है।

सबसे गंभीर आरोप नाबालिगों से ट्रैक्टर-ट्रालियां चलवाने का है। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक कुछ वाहनों की कमान नाबालिग चालकों के हाथों में दिखाई देती है, जो तेज गति से वाहन चलाते हुए यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं। लोगों का कहना है कि इससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

Gorakhpur Airport: गोरखपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हवाई हादसा, Indigo प्लेन का रनवे पर टेल इम्पैक्ट

ग्रामीणों का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षित और जिम्मेदार चालकों से वाहन संचालन तथा नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए जाने के बावजूद खनन और परिवहन से जुड़े कुछ लोग नियमों को ताक पर रख रहे हैं। रात में तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के साथ कुछ वाहनों पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने की शिकायत भी सामने आई है।

वहीं, स्थानीय लोगों ने उनवल चौकी पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि खनन और मिट्टी ढुलाई करने वालों को पुलिस संरक्षण मिल रहा है तथा कथित वसूली के चलते कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। लोगों ने उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

Video: गोरखपुर के बाजारों में त्योहारों से पहले मिठास गायब, रक्षाबंधन पर मिलेगा महंगाई का तड़का

स्थानीयों ने की ये मांग

नागरिकों ने वार्ड चार और सात के मार्गों पर नियमित जांच अभियान चलाने, मिट्टी खनन की अनुमति, रॉयल्टी और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच करने तथा नाबालिगों से वाहन चलवाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रालियां किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 August 2026, 5:41 AM IST