
युवक का शव मिलने से सनसनी (Img: DN)
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के बलूहटा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के समीप स्थित सरकारी ट्यूबेल की पानी की टंकी में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
मृतक की पहचान निकेश निषाद (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि सुबह ग्रामीणों की नजर ट्यूबेल की टंकी पर पड़ी, जहां पानी के भीतर शव दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची झंगहा पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि निकेश की किसी से रंजिश हो सकती है और उसी के चलते उसकी हत्या कर शव को टंकी में फेंका गया है। परिवार के लोगों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीणों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हत्या है, तो अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना रहे।
इस मामले में झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत कैसे हुई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Gorakhpur News: खजनी में अंबेडकर जयंती समारोह, शिक्षा और समानता के महत्व पर वक्ताओं ने दिया जोर
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि घटना के पीछे कोई आपराधिक साजिश तो नहीं है।
फिलहाल इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
Location : Gorakhpur
Published : 14 April 2026, 2:46 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News UP News