गोरखपुर में मिली लावारिस किशोरी की कहानी उलझी, पहचान नहीं हुई तो पुलिस ने लिया बड़ा फैसला

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी सड़क पर लावारिस हालत में भटकती मिली। अपनी पहचान और घर के पते की सही जानकारी नहीं दे पाने के बाद पुलिस ने काफी प्रयास किया, लेकिन जब किशोरी की पहचान नहीं हो सकी तो उसे सुरक्षा के मद्देनजर चाइल्ड लाइन गोरखपुर भेज दिया गया। पुलिस अब किशोरी के परिजनों की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 August 2026, 10:52 PM IST

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस को सड़क पर लावारिस हालत में घूमती 15 वर्षीय किशोरी मिली। किशोरी अपनी पहचान और पते के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी। पुलिस ने उसके बताए नाम-पते की तस्दीक कराने का प्रयास किया, लेकिन जब बताए गए पते पर भी उसकी पहचान नहीं हो सकी तो पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए किशोरी को सुरक्षित चाइल्ड लाइन गोरखपुर भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार अपराह्न गोपालपुर से माल्हनपार चीनी मिल मार्ग पर एक किशोरी अकेली सड़क पर घूमती हुई दिखाई दी। लोगों ने इसकी सूचना गोला पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस किशोरी को थाने ले आई और उसके परिजनों तथा घर का पता लगाने का प्रयास शुरू किया।

किशोरी ने अपना नाम चंदा बताया। उसने अपने पिता का नाम रमेश और गांव का नाम बारीगांव, थाना सिकरीगंज बताया। हालांकि वह अपनी जाति तथा परिवार के संबंध में अन्य स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी।

किशोरी की नहीं हुई पहचान

किशोरी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए कोतवाल गोला सीपी पांडेय ने तत्काल उसके बताए पते पर पुलिस टीम भेजकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने बारीगांव में रमेश नाम के व्यक्ति से संपर्क किया और किशोरी का फोटो दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया। संबंधित व्यक्ति ने फोटो देखने के बाद किशोरी को अपनी बेटी होने से साफ इनकार कर दिया। इससे पुलिस के सामने किशोरी के बताए पते की पुष्टि नहीं हो सकी।

Gorakhpur: गोरखपुर में दबंगई, अवैध कब्जे का विरोध करने पर परिवार पर जानलेवा हमला

पुलिस का बयान

पुलिस के अनुसार किशोरी के पास कोई ऐसा दस्तावेज भी नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान तत्काल सुनिश्चित की जा सके। वह मटमैले रंग का सलवार-समीज पहने हुए थी। परिजनों की पहचान नहीं होने की स्थिति में पुलिस ने किशोरी की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे किराए के वाहन से पुलिस लाइन भेजवाया, जहां से उसे चाइल्ड लाइन गोरखपुर भेज दिया गया।

गोरखपुर हत्याकांड पर गरमाई सियासत, पीड़ित परिवार से मिले सपा नेता; मुआवजे से नौकरी तक की मांग

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस की ओर से अब किशोरी के वास्तविक परिजनों और पते की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। किशोरी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए की गई पुलिस की कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताया। लोगों का कहना है कि किशोरी के मामले में पुलिस ने महज औपचारिकता निभाने के बजाय उसकी सुरक्षा और संरक्षण को प्राथमिकता दी, जो एक संवेदनशील और जिम्मेदार पुलिसिंग का उदाहरण है।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 August 2026, 10:49 PM IST