
मरीजों को मिलेगी उत्तम चिकित्सा
Gorakhpur: एम्स गोरखपुर में मरीजों को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 15-बेड वाले नवीन गैस्ट्रोएंटरोलॉजी वार्ड का उद्घाटन संस्थान के अध्यक्ष पद्मश्री प्रो. (डॉ.) हेमंत कुमार द्वारा किया गया l
इस अवसर पर एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल प्रो. (डॉ.) विभा दत्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में संस्थान की स्टैंडिंग एकेडमिक कमेटी के अध्यक्ष प्रो. डॉ. विना सिंह तथा गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के अतिरिक्त आचार्य प्रो. (डॉ.) सौरव केडिया भी मौजूद रहे।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी वार्ड का उद्घाटन करते (डॉ.) हेमंत कुमार
इस अवसर पर पद्मश्री प्रो. (डॉ.) हेमंत कुमार ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह नया वार्ड गैस्ट्रोएंटरोलॉजी से संबंधित रोगों के उपचार एवं देखभाल को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा तथा पूर्वांचल के मरीजों को संस्थान में बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्राप्त होंगी।
कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल प्रो. (डॉ.) विभा दत्ता ने कहा कि एम्स गोरखपुर निरंतर रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रहा है। गैस्ट्रोएंटरोलॉजी वार्ड की स्थापना से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, बेहतर निगरानी एवं समर्पित विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में विभाग को चरणबद्ध तरीके से और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
नवस्थापित 15-बेड गैस्ट्रोएंटरोलॉजी वार्ड के संचालन से पाचन तंत्र एवं यकृत संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों को संस्थान में ही बेहतर उपचार उपलब्ध होगा तथा क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 12 July 2026, 12:48 AM IST