Gorakhpur: मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे परिवार की कार पेड़ से टकराई, महिला की मौत; चार घायल

गोरखपुर के गोला-कौड़ीराम मार्ग पर बर्राह चौराहे के पास तड़के तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में 50 वर्षीय बिंदू देवी की मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार लोग घायल हुए। चालक राहुल मिश्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 November 2026, 11:09 AM IST

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के गोला-कौड़ीराम मार्ग पर बर्राह चौराहे के पास रविवार की तड़के करीब ढाई बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। भीषण हादसे में कार सवार 50 वर्षीय बिंदू देवी पत्नी रघुवर जायसवाल की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में चालक राहुल मिश्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत गोला के सुअरज निवासी रघुवर जायसवाल (55) शनिवार को अपने परिवार के साथ गोरखपुर में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद रविवार की सुबह परिवार कार से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव का ही आकाश भी उनके साथ कार में सवार हो गया। कार में रघुवर जायसवाल, उनकी पत्नी बिंदू देवी, पुत्र शुभम (25), आकाश (20) और चालक राहुल मिश्रा (35) सवार थे।

UP Crime: सुलतानपुर में संपत्ति के लिए अपनों ने बहाया खून, चचेरा भाई और भतीजा गिरफ्तार

बताया जाता है कि कार संख्या एचआर 51 बीएच 1361 खदरा निवासी राजेश विश्वकर्मा की है। इसे खदरा निवासी राहुल मिश्रा चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बर्राह चौराहे के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क के बाईं ओर उतरकर पेड़ से जा टकराई। हादसे के पीछे चालक को नींद आने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कार पेड़ से टकराई (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। चालक की तरफ से पेड़ से टकराने के कारण चालक राहुल मिश्रा और उनके पीछे बैठी बिंदू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोला पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने बिंदू देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि रघुवर जायसवाल, शुभम और आकाश की हालत खतरे से बाहर बताई गई।

गोरखपुर में मौत बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन! बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, एक की मौके पर मौत

दुर्घटना के करीब एक घंटे बाद क्षतिग्रस्त कार को घटनास्थल से हटाया गया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। खबर लिखे जाने तक थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। वहीं, परिजनों ने बिंदू देवी के शव का गोला स्थित सरयू नदी के घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।

Location :  Gorakhpur

Published :  22 November 2026, 11:09 AM IST