बाढ़ के बीच गांवों में पहुंचे डीएम, ग्रामीणों की ये परेशानियां सुनकर अधिकारियों को दिए ये सख्त निर्देश

गोरखपुर में बाढ़ का असर बढ़ने के बीच जिलाधिकारी दीपक मीणा प्रभावित गांवों में पहुंचे और मौके पर राहत व्यवस्था का जायजा लिया। बगहा देवार और ज्ञानकोल में ग्रामीणों से बातचीत के दौरान कई जरूरी समस्याएं सामने आईं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 August 2026, 3:39 PM IST

Gorakhpur: जिले में लगातार बढ़ रहे बाढ़ के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने तहसील गोला क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव बगहा देवार और ज्ञानकोल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गांवों में पहुंचकर जलभराव, आवागमन और राहत व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी भी जरूरी सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े।

डीएम ने अधिकारियों से ली महत्वपूर्ण जानकारी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से खाद्य सामग्री, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक राहत सामग्री की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों तक खाद्य सामग्री और अन्य राहत सामग्री तत्काल पहुंचाई जाए। राहत वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान जलजनित बीमारियों और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य टीमों की सक्रियता बढ़ाई जाए और आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही साफ-सफाई, कीटनाशक छिड़काव और सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

ये भी पढ़ें- सीसीटीवी फुटेज से खुला राज: तेजप्रताप के करीबी विकास पर आकाश यादव ने लगाया हमले की आशंका का आरोप

पशुपालकों की समस्याओं पर दिखे गंभीर

पशुपालकों की समस्याओं को लेकर भी डीएम गंभीर नजर आए। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में मानव जीवन के साथ पशुधन की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाए।

जिलाधिकारी ने जलस्तर और बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव दल सक्रिय किया जाए और उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए। प्रशासनिक और विभागीय टीमें आपसी समन्वय से काम करें और प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।

ये भी पढ़ें- ‘पैसे ही तो मांग रहे थे, जान क्यों ले ली…’ नेग की सनक ने किन्नरों ने छीना नवजात के सिर से पिता का साया

निरीक्षण के दौरान ये भी रहे मौजूद

इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी गोला मनीष कुमार, थाना प्रभारी बड़हलगंज, तहसीलदार, आपूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और प्रभावित परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 August 2026, 3:39 PM IST