गोरखपुर में नशे के सौदागरों पर कसेगा शिकंजा, मेडिकल स्टोर से ढाबों तक नजर; बैठक में इन मुद्दों पर हुए निर्णय

गोरखपुर में नशे के कारोबार को लेकर प्रशासन ने अब ऐसा प्लान तैयार किया है, जिसकी नजर सिर्फ मेडिकल स्टोरों तक सीमित नहीं रहने वाली। कोडीन सिरप और ट्रेमेडाल जैसी दवाओं से लेकर नेपाल और बिहार जाने वाले रास्तों तक निगरानी बढ़ेगी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 19 August 2026, 8:37 PM IST

Gorakhpur: जिले में नशे के कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रशासन अब बहुस्तरीय कार्रवाई की तैयारी में है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

इस बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटील, एसपी क्राइम सुधीर जायसवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मेडिकल स्टोरों पर आकस्मिक जांच बढ़ाने का निर्णय

प्रशासन ने मेडिकल स्टोरों पर आकस्मिक जांच बढ़ाने का निर्णय लिया है। खासकर कोडीनयुक्त कफ सिरप, ट्रेमेडाल जैसी दवाओं और अन्य नशीली दवाओं की बिक्री, भंडारण व आपूर्ति पर कड़ी नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। नशीले पदार्थों की सप्लाई लाइन तोड़ने के लिए गोपनीय सूचना तंत्र भी मजबूत किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- भाजपा की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ टीम! नई जिला कार्यकारिणी घोषित, जानिए किसे मिली ताजपोशी और किसकी कटी टिकट

नेपाल और बिहार सीमा की ओर जाने वाले रास्ते रडार पर

गोरखपुर से कैंपियरगंज, नौतनवा और सोनौली होकर नेपाल तथा देवरिया के रास्ते बिहार जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस, आबकारी, एसएसबी, केंद्रीय उत्पाद शुल्क और राज्यकर विभाग के बीच समन्वय बढ़ाकर तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसा जाएगा। राजमार्गों के ढाबों, होटलों, पान-चाय की दुकानों और गुमटियों की भी नियमित जांच होगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस छद्म ग्राहक बनकर कार्रवाई करेगी।

गिरफ्तारी से आगे नेटवर्क पर प्रहार

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जाए। संगठित तस्करी में शामिल लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और अवैध संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में जीआरपी की चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें- जल जीवन मिशन पर DM का शिकंजा, BDO-ADO को फील्ड में उतरने का फरमान; अधूरी परियोजनाओं पर सख्त तेवर

स्कूल-कॉलेजों में बनेगा नशामुक्ति सेल

नशे के खिलाफ अब जागरूकता अभियान भी तेज होगा। स्कूल-कॉलेजों में साप्ताहिक कार्यक्रम, शपथ और जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। सभी कॉलेजों में नशामुक्ति सेल बनाने की योजना है। एनसीसी, एनएसएस, सिविल डिफेंस, चिकित्सकों और सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  19 August 2026, 8:37 PM IST