
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Gorakhpur: गोरखपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सरकारी योजनाओं का लालच देकर लोगों से बैंक खाते खुलवाकर साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर व अपराध के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह की टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि आरोपियों ने उसके बेटे को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर बैंक खाता खुलवाया और एटीएम कार्ड व चेकबुक अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसी खाते में साइबर ठगी के पैसे मंगवाकर निकाल लिए जाते थे।
Gorakhpur News: ज्वेलर्स दुकान में सेंधमारी करने वाला गिरफ्तार, बाइक व सामान बरामद
जांच और पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का संचालन संगठित तरीके से किया जा रहा था। ओंमकार अग्रहरि उर्फ अजीत और ऋतुराज यादव के कहने पर अन्य आरोपी लोगों को फंसाते थे और विभिन्न बैंकों में म्यूल खाते खुलवाते थे। इन खातों की पासबुक, एटीएम और चेकबुक लेकर ऋतुराज यादव को सौंप दी जाती थी। वह आगे इन खातों की जानकारी रामदास और जॉन बाबा नाम के अज्ञात व्यक्तियों को देता था, जो टेलीग्राम के जरिए संपर्क में थे और फ्रॉड का पैसा इन खातों में ट्रांसफर कर निकालते थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज विश्वकर्मा उर्फ शुभम, ओंमकार अग्रहरि उर्फ अजीत, ऋतुराज यादव, राहुल सिंह, द्विव्यांशु सिंह उर्फ साहिल और आदित्य चौधरी उर्फ सौरभ के रूप में की है। सभी के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस के साथ साइबर सेल और साइबर कमांडो टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
Location : Gorakhpur
Published : 16 April 2026, 9:08 PM IST