गोरखपुर में जनगणना-2027 की बड़ी तैयारी, 12 हजार कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी; 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना

गोरखपुर में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 10,512 प्रगणक और सुपरवाइजर लगाए जाएंगे। 16 नवंबर से स्व-गणना और 1 दिसंबर से घर-घर जनगणना शुरू होगी।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 13 November 2026, 7:41 PM IST

Gorakhpur: जनगणना-2027 को लेकर गोरखपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में जनसंख्या की सटीक तस्वीर तैयार करने के लिए करीब 12 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें 10,512 प्रगणक और सुपरवाइजर शामिल हैं। पूरे जिले को 9,322 गणना ब्लॉकों में बांटा गया है, जबकि नगर निगम क्षेत्र में 2,043 ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक प्रगणक को औसतन 850 लोगों अथवा 180 से 200 घरों की गणना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जनगणना की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सर्किट हाउस परिसर स्थित एनेक्सी सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में प्रशिक्षण एवं समीक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय से पहुंचे विशेषज्ञ वैशाली शुक्ला और शैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया, समय-सारिणी, परिवार अनुसूची और डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने की विस्तृत जानकारी दी।

16 नवंबर से नागरिक खुद दर्ज कर सकेंगे परिवार का ब्योरा

प्रशिक्षण में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना का चरण चलेगा। इस दौरान लोग आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए राज्य और भाषा का चयन करने के बाद मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से लॉगिन करना होगा। परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरकर फॉर्म जमा करने पर एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) जारी होगी। घर पहुंचने वाले प्रगणक इसी आईडी के माध्यम से दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे।

एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेगा जनगणना दल

स्व-गणना का चरण पूरा होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना करेंगे। जो परिवार ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनके घर पहुंचकर कर्मचारी निर्धारित मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए विवरण दर्ज करेंगे। चार जनवरी की शाम बेघर व्यक्तियों की गणना की जाएगी। इसके बाद पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य होगा। जनगणना की संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।

घरवाली-बाहरवाली और लड़की बाजी के चक्कर में पति बना ऐसा दरिंदा, 7 साल के बेटे को भी नहीं छोड़ा

जन्मतिथि से लेकर शिक्षा, रोजगार और प्रवासन तक की ली जाएगी जानकारी

जनगणना के दौरान परिवार के मुखिया का नाम, सदस्यों की संख्या, आपसी संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु और वैवाहिक स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज की जाएंगी। इसके साथ धर्म, राष्ट्रीयता, अनुसूचित जाति-जनजाति और जाति संबंधी विवरण भी निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार जुटाए जाएंगे।

प्रगणक दिव्यांगता, माता-पिता का विवरण, मातृभाषा, अन्य ज्ञात भाषाओं, साक्षरता और शैक्षिक योग्यता से संबंधित जानकारी भी दर्ज करेंगे। व्यक्ति क्या काम करता है, रोजगार की स्थिति क्या है और किस प्रकार की आर्थिक गतिविधि से जुड़ा है, इसका भी ब्योरा लिया जाएगा। प्रवासन के तहत जन्मस्थान, पूर्व निवास, वहां रहने की अवधि और स्थायी पते की जानकारी जुटाई जाएगी। महिलाओं से प्रजनन संबंधी निर्धारित जानकारियां भी प्राप्त की जाएंगी।

Video: भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ का जन्मदिन डाइनामाइट न्यूज़ ने मनाया धूमधाम से

डीएम ने कहा- जिम्मेदारी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रगणक को अपने क्षेत्र, गणना ब्लॉक और जिम्मेदारी की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी परिवार गणना से छूटने न पाए और प्रत्येक सूचना निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्धता के साथ दर्ज की जाए।

उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय बनाकर प्रत्येक चरण को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराएं।

कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी और जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  gorakhpur

Published :  13 November 2026, 7:41 PM IST