बैंकिंग सिस्टम में बदलाव की मांग, गोरखपुर में कर्मचारियों ने निकाला विरोध मार्च

गोरखपुर में बैंकिंग व्यवस्था में बदलाव और अपनी लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में गोरखपुर में कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार व बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

Gorakhpur: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में शुक्रवार को गोरखपुर में बैंक कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन समेत विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने गोलघर बैंक रोड पर जुलूस निकालकर सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने वित्त मंत्री के खिलाफ भी नारे लगाए और लंबित मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।

पूर्ण अवकाश की व्यवस्था लागू करने की मांग

बैंक कर्मचारियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। वर्ष 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के साथ हुई वार्ता में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को सैद्धांतिक रूप से स्वीकार किए जाने के बावजूद इसे अब तक लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने सप्ताह में पांच दिन कार्य और शनिवार-रविवार को पूर्ण अवकाश की व्यवस्था लागू करने की मांग दोहराई।

प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में लागू परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव योजना में स्केल-4 से ऊपर के अधिकारियों से जुड़ी कथित विसंगतियों को दूर करने की मांग भी उठी। कर्मचारियों ने पेंशन पुनरीक्षण, महंगाई भत्ते में समानता तथा सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।

बैंक कर्मियों ने की ये मांग

कर्मचारियों का कहना था कि बैंकिंग क्षेत्र में लगातार कर्मचारियों की कमी हो रही है, जबकि काम का दबाव बढ़ता जा रहा है। इससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है और बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है। उन्होंने रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती करने, नई भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने, एनपीएस में सुधार करने तथा बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी अन्य प्रशासनिक समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

गोरखपुर में गहनों की चोरी का अनोखा तरीका, खजनी पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

कर्मचारियों ने सरकार से की अपील

गोलघर बैंक रोड पर जुलूस के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और बैंक प्रबंधन से लंबित मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मांगों की लगातार अनदेखी से बैंक कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने तथा जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी।

गोरखपुर में दुखद हादसा, सर्पदंश के बाद नहीं बच सकी विवाहिता की जान

कामकाज और लेन-देन रहा प्रभावित

राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज और लेन-देन प्रभावित रहा। हालांकि एटीएम, डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन भुगतान जैसी सेवाएं उपलब्ध रहने से ग्राहकों को आंशिक राहत मिली। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन बैंकिंग व्यवस्था में सुधार और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए है

Location :  Gorakhpur

Published :  12 September 2026, 1:53 AM IST

Advertisement