निकले थे सेहत बनाने, लेकिन शव देखकर दहल उठे

गोरखपुर के बड़हलगंज में सड़क किनारे मिले एक युवक के शव ने पूरे इलाके को दहला दिया है। आखिर यह हादसा था या कुछ और, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। शरीर पर मिले चोट के निशान और अज्ञात वाहन की आशंका ने मामले को और रहस्यमयी बना दिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 April 2026, 4:37 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। पावरहाउस के सामने सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले लोगों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान कालीचौरा निवासी श्याम गुप्ता के रूप में हुई है, जो गनेश गुप्ता के पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

संदिग्ध हालत में पड़ा मिला शव

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा था। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया होगा। प्राथमिक जांच में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है।

परिजनों ने बताया कि श्याम गुप्ता पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और अक्सर घर से बाहर ही रहते थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि देर रात या सुबह के समय वह सड़क पर थे, तभी यह हादसा हुआ होगा।

कालिका मंदिर के दरवाजे पर ‘मदिरा’…आस्था बनाम अव्यवस्था की टक्कर, क्या पुलिस संभाल पाएगी स्थिति?

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़ी हर जानकारी जुटाने की कोशिश की।थानाध्यक्ष सुनील राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Gorakhpur: इंटर कॉलेज की छत पर फंदे से लटका मिला किशोर का शव, प्रशासन में मचा हड़कंप

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किस वाहन ने युवक को टक्कर मारी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। इस घटना के दौरान मौके पर पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि श्रवण जायसवाल, संदीप सिंह, दिनेश मदधेशिया, सरफराज, लक्ष्मण वर्मा, ओम प्रकाश गुप्ता और अभिषेक समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने इस घटना पर दुख जताया और जल्द से जल्द दोषी वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 April 2026, 4:37 PM IST