हिंदी
Symbolic Photo
Gorakhpur: अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए गोरखपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना कैम्पियरगंज पुलिस ने हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर राज करन नय्यर के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष कैम्पियरगंज के नेतृत्व में उ0नि0 आशीष कुमार सिंह और उनकी टीम ने मु0अ0सं0 726/2025 धारा 191(1), 191(2), 191(3), 352, 115(2), 351(3), 109 बीएनएस के तहत नामजद तीनों अभियुक्तों- रितेश सिंह, विकाश यादव और अजय सिंह को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रितेश सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी चौरी सगड़ा, विकाश यादव पुत्र शिवराम यादव निवासी विशुनपुर और अजय सिंह पुत्र ओमकार सिंह निवासी करीम नगर शामिल हैं। सभी अभियुक्त थाना कैम्पियरगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए तीनों को पकड़ा और थाने लाकर आवश्यक पूछताछ पूरी की।
आवेदक द्वारा दर्ज तहरीर के अनुसार, 25 नवंबर 2025 को पीड़ित की दुकान पर पहुंचे आरोपियों ने विवाद खड़ा किया। विवाद बढ़ने पर तीनों ने जान से मारने की नीयत से उस पर हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश में दबिशें शुरू कर दी थीं।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को सफलता मिली और शनिवार को तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विवेचना की जा रही है एवं उन्हें न्यायिक कार्यवाही हेतु संबंधित अदालत भेजा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत की भावना देखी जा रही है।
कैम्पियरगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अपराध की कोई जगह नहीं है और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने तेजी से कार्रवाई करने पर पुलिस टीम की सराहना की है।
Location : Gorakhpur
Published : 29 November 2025, 7:13 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur up news hindi up crime UP News