
gorakhpur: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार शाम गोरखपुर एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जोश भरा।
उन्नहेोंने लखनऊ रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर हुए इस संक्षिप्त मिलन में अखिलेश यादव ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।
अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं से कहा कि डॉ. संजयन त्रिपाठी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुट जाएं। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि चुनाव में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबाव पड़ेगा और फिलहाल भी काफी दबाव है। इसके बाद मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, दबाव खत्म होने वाला है।
अखिलेश यादव ने दी नसीहत
सपा मुखिया ने पदाधिकारियों को खास तौर पर अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने और पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में वोटों को सहेजने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जिसके पास जितना भी वोट है, उसे पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में सुरक्षित रखने और मतदान के दिन उसे सपा के पक्ष में कराने की जिम्मेदारी सभी की है। अखिलेश यादव के इस संदेश से एयरपोर्ट पर मौजूद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
गोरखपुर में दर्दनाक हादसा, सहजनवां कस्बे में सड़क किनारे मिला लापता युवक का शव
अखिलेश यादव देवरिया में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां से उन्हें लखनऊ रवाना होना था। उड़ान से पहले एयरपोर्ट पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान शिक्षक एमएलसी चुनाव के प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के साथ पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक तथा चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी विनय शंकर तिवारी, विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष नगीना साहनी, राम अवध यादव, चंद्रबली यादव, प्रहलाद यादव, पूर्व विधायक यशपाल रावत और विजय बहादुर यादव, सुल्तानपुर की सांसद रंभा निषाद तथा गोरखपुर के वर्तमान जिला अध्यक्ष बृजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव का संदेश साफ था कि शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर संगठन पूरी ताकत से मैदान में उतरे और किसी भी दबाव की परवाह किए बिना पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए एकजुट होकर काम करे।
Location : gorakhpur
Published : 10 October 2026, 1:42 AM IST