गोरखपुर में शादी में बवाल, ईंट-पत्थर से हमला कर युवक की हत्या

गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान प्लेट गिरने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 10 May 2026, 1:08 AM IST

Gorakhpur : शाहपुर थाना क्षेत्र में शादी का जश्न उस समय मातम में बदल गया जब मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खाना खाते समय प्लेट गिरने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस को तुरंत एक्शन में आना पड़ा।

शादी समारोह में कैसे बिगड़ा माहौल

पूरा मामला 8 और 9 मई  की रात का है, जब मोहनापुर स्थित ताड़ीखाना बघेल मैरिज हॉल में एक शादी समारोह चल रहा था। मृतक युवक भी इस शादी में शामिल होने आया था। बताया जा रहा है कि खाना खाते समय उसकी प्लेट गिर गई। जिसको लेकर वधू पक्ष के प्रताप नाम के युवक से उसकी कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते बढ़ गया विवाद

विवाद इतना बढ़ गया कि प्रताप ने गुस्से में आकर कड़ा निकालकर युवक पर हमला कर दिया। इसके बाद मामला और बिगड़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान कुछ अन्य लोगों ने भी ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। जिससे पूरा शादी समारोह अफरा-तफरी में बदल गया।

DJ ने उजाड़ दिया घर, जानें कैसे शादी के बीच उठी लाश, पढ़ें गोरखपुर का सनसनीखेज मामला

इलाज के दौरान युवक की मौत

मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। इलाके में भी तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में शाहपुर पुलिस टीम ने छापेमारी कर सात वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी और केस दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों में शिव आत्मा, रॉकी कुमार, मनीश्वर उर्फ श्याम, प्रताप, अजय कुमार बासफोर, रवि कुमार और कुवंर बासफोर शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य शामिल लोगों की तलाश भी की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  10 May 2026, 1:08 AM IST