
आरोपी गिरफ्तार (Img: DN)
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां परीक्षा परिणाम को लेकर पिता की प्रताड़ना से आहत 15 वर्षीय छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सहजनवा थाना क्षेत्र के तिलौरा गांव निवासी कक्षा 10 की छात्रा आराध्या धर दुबे को उसके पिता दुर्गेश धर दुबे द्वारा परीक्षा परिणाम को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। बुधवार की शाम मानसिक दबाव और अपमान से परेशान होकर छात्रा ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका की मां अंकिता धर दुबे ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए सहजनवा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। मां का आरोप है कि पिता की प्रताड़ना और कठोर व्यवहार के चलते ही बेटी ने यह खौफनाक कदम उठाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल हरकत में आई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को थानाध्यक्ष महेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों और वारंटियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी दुर्गेश धर दुबे जसवाल रोड स्थित प्यारी देवी स्कूल के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर अभिभावकों के व्यवहार और बच्चों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा परिणाम को लेकर बच्चों पर अत्यधिक दबाव डालना उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 April 2026, 5:41 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News up crime UP News