हिंदी
आयुष्मान भारत योजना
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना (Ayushman Bharat Yojana) से जुड़े करोड़ों लाभार्थियों (Beneficiaries) के लिए राहत भरी खबर है। अब आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि राज्य की स्वास्थ्य एजेंसी साचीज (Health Agency Sachis) ने खास मोबाइल ऐप 'सारथी' तैयार किया है। यह ऐप लाभार्थियों को नजदीकी सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों (Private hospital) की सही लोकेशन बताएगा।
हाइलाइट
इस ऐप की मदद से किसी भी इमरजेंसी में परिजन मरीज को लेकर आसानी से विशेषज्ञ अस्पतालों तक पहुंच सकेंगे। एप में अस्पतालों की लोकेशन, उनकी सुविधाओं और योजना में उनकी लिस्टिंग की भी जानकारी होगी।
राज्य स्वास्थ्य एजेंसी साचीज की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्चना वर्मा (Archana Verma, chief executive officer ) ने बताया कि एप बनकर तैयार है और परीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। अनुमान है कि एक पखवाड़े के भीतर यह एप लॉन्च हो जाएगा।
पहले चरण में यूपी के सभी सूचीबद्ध अस्पतालों की लोकेशन एप पर डाली जा रही है। दूसरे चरण में लाभार्थियों को एप पर योजना से जुड़ी अन्य सुविधाएं और जानकारी भी मिलेंगी।
इस समय उत्तर प्रदेश में 5.29 करोड़ आयुष्मान कार्ड धारक (Ayushman card holders) हैं। योजना में 5958 अस्पताल सूचीबद्ध हैं। इनमें से 1500 से अधिक अस्पतालों ने अपनी लोकेशन की जानकारी साचीज को दे दी है।
इन दिनों मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्चना वर्मा की ओर से जियो टैगिंग ऑनलाइन सेशन (Geo Tagging Online Session) आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अस्पतालों की सही लोकेशन एकत्र कर एप पर डाली जा सके। इसका उद्देश्य यह है कि लाभार्थी सीधे अस्पताल पहुंच सकें और समय पर इलाज पा सकें।
'सारथी' ऐप लॉन्च होने के बाद आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को सटीक और त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। यूपी सरकार का यह कदम आम जनता को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया (Providing health services) कराने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
Location : Lucknow
Published : 16 May 2025, 1:41 PM IST
Topics : Archana Verma Ayushman Bharat Yojana beneficiaries chief executive officer Health Agency Sachis private hospital UP News