
ठगी गैंग का भंडाफोड़
Gorakhpur News: पुलिस ने एक संगठित ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इंगेजमेंट और अन्य कार्यक्रमों में वीडियोग्राफी के नाम पर लोगों को झांसा देकर कैमरा हड़पने और पैसे वसूलने वाले गिरोह के 11 अभियुक्तों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार कैमरे, चार्जर समेत अन्य उपकरण और चार दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं।
क्या है पूरी खबर?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमा संख्या 144/2026 से जुड़े वांछित आरोपियों को दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों में राज पासवान, अर्पित उर्फ सुक्खु, पृथ्वी जायसवाल, अमन सोनकर, भास्कर यादव, आनंद कुमार, सन्नी यादव, कृष्णा मिश्रा, विवेक यादव, अभय पासवान उर्फ रूदल, मोनू कुमार और गुल्लू शामिल हैं।
पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह खासतौर पर उन लोगों को निशाना बनाता था जो किसी कार्यक्रम के लिए वीडियोग्राफी की बुकिंग करते थे। आरोपी पहले भरोसा जीतकर लोकेशन तय करते थे और फिर सुनसान जगह पर बुलाते थे।वहां कैमरे की “क्वालिटी चेक” के बहाने उपकरण अपने कब्जे में ले लेते और वापस मांगने पर पीड़ितों को डराकर पैसे की मांग करते थे। इसी तरह की एक घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था।
आरोपियों के खिलाफ मारपीट
जांच में सामने आया कि गिरोह के कई सदस्य पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। कुछ आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी, चोरी और आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके आपराधिक नेटवर्क का अंदाजा लगाया जा सकता है।
“क्या मुझे मरवा कर बंगाल जीतना चाहती है BJP?” ममता बनर्जी का बड़ा हमला; जानें पूरा मामला
ठगी में इस्तेमाल किए गए कैमरे व वाहन बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से ठगी में इस्तेमाल किए गए कैमरे व वाहन बरामद कर लिए। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय ऐसे गिरोहों पर नकेल कसने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अंजान व्यक्ति या संदिग्ध लोकेशन पर उपकरण या धन से संबंधित लेन-देन करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Location : Gorakhpur
Published : 19 April 2026, 9:27 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Latest News UP News