चार लोग, कई फर्जी पहचान और डिजिटल दुनिया का काला खेल… महराजगंज में बड़ा खुलासा

महराजगंज पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन बाल अश्लील सामग्री के अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और सिंदुरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, कंप्यूटर, फर्जी आधार कार्ड और आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री बरामद की है।

Maharajganj : साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन दुनिया को अपराध का नया ठिकाना बना लिया था लेकिन अब पुलिस ने ऐसे ही एक खतरनाक नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा कसा है। महराजगंज में महिलाओं और बच्चों से जुड़े साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ऑनलाइन बाल अश्लील सामग्री के अवैध प्रसार करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। साइबर थाना और सिंदुरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से मोबाइल फोन, कंप्यूटर, फर्जी आधार कार्ड और आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री बरामद की है।

साइबर निगरानी से मिला बड़ा सुराग

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम दीपशिखा वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई "Online Crimes Against Women and Children" अभियान के तहत की गई। पुलिस ने बताया कि साइबर निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपियों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद सिंदुरिया क्षेत्र में आरोपी अनुज पटेल के घर पर छापेमारी की गई, जहां से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

टेलीग्राम और X पर बना रखा था नेटवर्क

जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और X (पूर्व में Twitter) पर फर्जी और गुप्त आईडी बनाकर बाल अश्लील फोटो और वीडियो का प्रसार करते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी इस आपत्तिजनक सामग्री को पैसों के बदले लोगों तक पहुंचाते थे। इसके लिए वे अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल करते थे।

‘नीरज… ओ नीरज…’ आवाज देती रही मां, अंदर का मंजर देख कांप उठी रूह, महराजगंज के सिंदुरिया गांव से दिल दहला देने वाली खबर

फर्जी दस्तावेजों से छिपाते थे पहचान

पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी नई सिम लेने और अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी पहचान पत्र तैयार कर उनका इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप, एक सीपीयू, माउस, तीन डेटा केबल, इलेक्ट्रिकल एक्सटेंशन बोर्ड, फर्जी आधार कार्ड और 12 आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के स्क्रीनशॉट बरामद किए हैं।

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट की धारा और पॉक्सो एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  11 July 2026, 8:15 PM IST

Advertisement