हिंदी
निचलौल–सिसवा मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय अनुकल्प केडिया की असमय मौत से पूरा नगर शोक में डूबा है। पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतक के पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करते पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिंबडेवाल
Maharajganj: जनपद में निचलौल–सिसवा मार्ग पर चंडी मंदिर हर्रेडिह कस्बा के समीप 4 फरवरी को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 15 वर्षीय किशोर अनुकल्प केडिया की दर्दनाक मौत से पूरा निचलौल नगर शोक में डूब गया है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूर्व मंत्री एवं सिसवा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रह चुके सुशील कुमार टिबड़ेवाल उर्फ सुशील कुमार शर्मा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार अनुकल्प अपने मित्र आर्यन मिश्रा के साथ बाइक से कोठीभार रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही गन्ना लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोर सड़क पर गिर पड़े और अनुकल्प ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गया। गंभीर अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि उसका मित्र इलाजरत है।
इकलौते पुत्र की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे कस्बे में मातम पसरा हुआ है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं।
पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने मृतक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव मदद के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।
इस दुखद घटना के कारण नगर में आयोजित होने वाली पारंपरिक श्याम निशान यात्रा को श्रद्धालुओं ने रद्द कर दिया। हर वर्ष यह यात्रा धूमधाम से निकाली जाती थी, लेकिन इस बार शोक की भावना के चलते इसे स्थगित किया गया।
स्थानीय लोगों ने निचलौल–सिसवा मार्ग पर बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार भारी वाहन अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, जिन पर नियंत्रण बेहद जरूरी है। नगर में अब भी शोक का माहौल बना हुआ है और हर आंख नम हैं।
महराजगंज में युवक की निर्मम हत्या से उबाल, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन; कब तक मिलेगा इंसाफ?
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, विजय तिवारी, सतीश यादव, हीरालाल जख्मी, पप्पू अग्रवाल, शिवम केडिया, शंभू वर्मा, गोपाल अग्रवाल, अमरनाथ यादव, समेत दर्जन भर लोग मौजूद रहे।