हिंदी
अतीक अहमद और उसका बेटा अबान अहमद
Prayagraj: प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (20) के खिलाफ पहली बार मुकदमा दर्ज किया गया। एक शादी समारोह के दौरान शूट की गई उसकी भड़काऊ रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। वीडियो में अबान के साथ धमकी भरा डायलॉग, तेज संगीत और लग्जरी कारों का काफिला दिखाया गया। जिसको लेकर लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों देखने को मिली है।
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में बैकग्राउंड में एक गाना जोड़ा गया है, जिसमें बेहद उकसाने वाले बोल हैं— "सामने वाले को हमसे क्या मिलेगा, ये उसकी औकात बताएगी... हम दिल भी रखते हैं और असलहा भी... हम कुत्तों की तरह पीछे से वार नहीं करते, सामने से फाड़ देते हैं... तूफान और हम जब भी आते हैं, मां कसम... फाड़ के जाते हैं।” इस रील ने सोशल मीडिया पर खासी हलचल मचा दी। कई यूजर्स ने अतीक-अशरफ के मारे जाने के बाद भी परिवार के सबसे छोटे बेटे द्वारा ऐसी हरकतों को ‘दहशत फैलाने की कोशिश’ करार दिया।
किसने करवाया मुकदमा दर्ज?
धूमनगंज थाने के सब-इंस्पेक्टर आदित्य सिंह ने इस मामले में एप्लिकेशन देते हुए लिखा कि इस तरह की रील सोशल मीडिया पर पोस्ट कर समाज में भय और तनाव फैलाने की कोशिश की गई है। एसीपी धूमनगंज अजयेंद्र यादव ने बताया कि मामले में अबान अहमद, उसके साथी हमजा और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353 के तहत FIR दर्ज की गई है। यह धारा सार्वजनिक उपद्रव, अफवाह फैलाने और शांति भंग करने वाली सामग्री प्रसारित करने से जुड़ी है।
भाजपा ने यूपी को दिए 14 नए जिलाध्यक्ष, देखें किसको कहां से मिली जिम्मेदारी
लोगों ने क्या प्रतिक्रियाएं दी?
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखी गई। एक यूजर ने लिखा- “रस्सी जल गई लेकिन ऐंठन नहीं गई…” वहीं एक अन्य ने टिप्पणी की- “योगी जी को पता चला तो ऐसा फाड़ेंगे कि टुकड़े भी नहीं मिलेंगे।”
अतीक अहमद के पांच बेटे
अबान, अतीक अहमद का पांचवां और सबसे छोटा बेटा है। उससे बड़ा चौथे नंबर का बेटा अहजम है। दो भाई उमर और अली पहले से जेल में बंद हैं, जबकि तीसरे नंबर के बेटे असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। उमेश पाल हत्याकांड के समय अबान और अहजम दोनों नाबालिग थे। हत्याकांड के बाद दोनों को चकिया इलाके में लावारिस हालत में मिला बताया गया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें राजरूपपुर बालगृह भेज दिया था। दोनों 221 दिन तक वहीं रहे और अक्टूबर 2023 में बाल कल्याण समिति के आदेश पर उनकी बुआ परवीन कुरैशी के सुपुर्द कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
रिहा होने के बाद दोनों भाई अपने पिता और चाचा की कब्र पर गए थे। इसके बाद वे पब्लिकली कम ही दिखाई दिए। लेकिन 26 नवंबर को अबान का शादी समारोह वाला नया वीडियो सामने आ गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि सुरक्षा में होने के बावजूद अबान कैसे लग्जरी कारों के काफिले के साथ घूमते नज़र आया? यह रील किसने बनाई और किस उद्देश्य से पोस्ट की गई? पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Location : Prayagraj
Published : 27 November 2025, 12:40 PM IST
Topics : Aban Ahmed Atiq Ahmed Prayagraj Police UP Police