ग्रेटर नोएडा के गर्ल्स हॉस्टल में लगी आग, दमकल ने समय रहते पाया काबू, बड़ा हादसा टला

ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र स्थित सावित्रीबाई फुले कन्या इंटर कॉलेज के हॉस्टल में मंगलवार सुबह आग लग गई। बंद कमरे में रखा फर्नीचर और दस्तावेज जल गए। दमकल की तीन गाड़ियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 August 2026, 2:37 PM IST

New Delhi: ग्रेटर नोएडा में सावित्रीबाई फुले कन्या इंटर कॉलेज के हॉस्टल में अचानक आग लग गई। कासना थाना क्षेत्र स्थित इस हॉस्टल के एक बंद कमरे से धुआं निकलता देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आग हॉस्टल के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुंची और इस हादसे में किसी छात्रा या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

बंद कमरे में लगी आग, फर्नीचर और दस्तावेज जले

जानकारी के मुताबिक, आग हॉस्टल के एक ऐसे कमरे में लगी थी, जो पहले से बंद था। कमरे के अंदर फर्नीचर और कुछ जरूरी कागजात रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से कमरे में रखा पूरा सामान जलकर खराब हो गया। जैसे ही हॉस्टल में आग लगने की जानकारी मिली, कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना फायर विभाग को दी। इसके बाद दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।

तीन दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

जिला दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा होने से टल गया और आग हॉस्टल के दूसरे कमरों तक नहीं फैल सकी। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे हॉस्टल के कमरे में आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि जिस कमरे में आग लगी थी, वह बंद था और वहां केवल फर्नीचर और कुछ दस्तावेज रखे हुए थे।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को लेकर पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की सही वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल हॉस्टल परिसर को सुरक्षित कर लिया गया है और स्थिति सामान्य है।

Location :  Noida

Published :  18 August 2026, 2:37 PM IST