
हत्या (Img : Google)
Kanpur : कानपुर में रविवार रात रोड रेज की एक खौफनाक घटना ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। यशोदानगर बाईपास के पास बाइकों की मामूली टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में डबल मर्डर में बदल गया। तीन युवकों ने पहले हेलमेट से हमला किया और फिर चाकू निकालकर पिता और उनके बेटों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक सनिगवां के सजारी निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ किदवईनगर स्थित कनक मार्बल में काम करते थे। रविवार रात तीनों काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे यशोदानगर बाईपास स्थित वृंदावन लॉन के सामने उनकी बाइक की टक्कर एक अपाचे बाइक से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
घायल सत्यम ने बताया कि बाइक सवार तीन युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने हेलमेट से हमला कर दिया। इसके बाद एक आरोपी ने चाकू निकालकर शिवनारायण की छाती पर वार किया। वहीं शिवम के पेट और पीठ में चाकू घोंप दिया गया। सत्यम भी हमले में घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल पिता और बेटा सड़क पर ही गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए।
महंगाई की फिर मार! कानपुर में पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़े, पंप संचालकों में नाराजगी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हैलट अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शिवनारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया। गुस्साए लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी शिवा वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं नौबस्ता निवासी करन वर्मा और उत्सव अवस्थी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला रोड रेज का ही सामने आया है। अब तक किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। फरार आरोपी करन वर्मा पर चाकू से हमला करने का आरोप है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Location : Kanpur
Published : 25 May 2026, 1:44 AM IST