फतेहपुर: धाता की जर्जर सड़क ने राहगीरों का जीना किया मुहाल, उड़ती धूल से दमा के बढ़े मरीज, दुर्घटनाएं आम

फतेहपुर जिले के धाता नगर पंचायत क्षेत्र के दिव्या तिराहा से खागा बाईपास तक की सड़क राहगीरों के परेशानी का कारण बनी हुई है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 2 June 2025, 5:37 PM IST

फतेहपुर: जिले के धाता नगर पंचायत क्षेत्र के दिव्या तिराहा से खागा बाईपास तक की सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब यह सिर्फ राहगीरों की परेशानी का कारण नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और सुरक्षा का गंभीर खतरा बन गई है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों से आए दिन वाहन चालक और पैदल यात्री दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की यह हालत पिछले कई वर्षों से बद से बदतर होती जा रही है। धूल उड़ने के कारण दुकानदारों और आमजन को सांस लेने में परेशानी हो रही है, दमा और सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। दुकानदारों को प्रतिदिन दुकान और सामान को साफ करना पड़ता है। वहीं, कई बार राह चलते लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार नगरवासी लोक निर्माण विभाग की अनदेखी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने से थाना के पास की नाली खुदी पड़ी है, जिससे दुकानों में आना-जाना भी मुश्किल हो गया है। कई राहगीर उस क्षेत्र में गिर चुके हैं। बारिश से पहले सुधार कार्य न हुआ तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सड़क के गड्ढों को अस्थाई रूप से भर दिया गया है। साथ ही, बड़े वाहनों का रूट बदलने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि यहां आरसीसी रोड (कंक्रीट की सड़क) बनाई जाएगी, लेकिन जब तक भारी वाहन इसी मार्ग से चलते रहेंगे, काम बाधित होता रहेगा।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नाली निर्माण कार्य के लिए एक-दो दिन में मजदूर आ जाएंगे और काम शुरू करा दिया जाएगा।

हालांकि, विभागीय बयान और जमीनी हकीकत में फर्क साफ नजर आ रहा है। नगरवासी चाहते हैं कि प्रशासन सड़क और नाली की समस्या को शीघ्र प्राथमिकता दे, जिससे उन्हें राहत मिल सके और हादसों पर लगाम लगे।

एक तरफ जहां कोरोना एक बार फिर अपने पैर पसार रहा है, ऐसे में जब साफ सफाई का खास ध्यान रखना चाहिए तब प्रशासन का ये हाल अपनेआप में चौंकाने वाला है, जहां लोग धूल भरी सड़कों के चलते बीमारियों की शिकार हो रहे हैं।

Location :  Fatehpur

Published :  2 June 2025, 5:37 PM IST