हिंदी
50 हजार का इनामी राहुल श्रीवास्तव गिरफ्तार
Fatehpur: उत्तर प्रदेश में फतेहपुर के थाना कोतवाली क्षेत्र में 11 मार्च 2026 को हुई तीन लोगों की संदिग्ध मौत के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी।
नोट में मृतक अमर श्रीवास्तव ने कर्ज के दबाव और कुछ लोगों द्वारा SC/ST एक्ट में फंसाने की धमकी का जिक्र किया था। इस आधार पर पुलिस ने इसे आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला मानते हुए जांच शुरू की।
मृतक के परिजन सुशील कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर पुलिस ने पप्पू उर्फ दिलीप त्रिवेदी, संजय सिंह, शुभम, सोनू और राहुल श्रीवास्तव के खिलाफ केस दर्ज किया था।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 मार्च 2026 को चार आरोपियों पप्पू उर्फ दिलीप त्रिवेदी, संजय सिंह, शुभम और सोनू रैदास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
लेकिन मुख्य आरोपी राहुल श्रीवास्तव पुत्र अशोक कुमार श्रीवास्तव, निवासी देवनगर कॉलोनी, लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज ने आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिससे उसकी तलाश और तेज कर दी गई थी।
Muzaffarnagar News: मोदी की अपील के बाद सर्राफा बाजार के लोग बोले-डर में और बढ़ेगी खरीदारी
लगातार प्रयासों के बाद फतेहपुर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली और उन्होंने इनामी आरोपी राहुल श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर छिपता फिर रहा था। लेकिन खुफिया सूचना और सतर्कता के चलते उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि इस घटना के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Location : Fatehpur
Published : 12 May 2026, 6:21 PM IST