स्कूल जाती छात्रा के साथ सरेआम की छेड़खानी, कैमरे में कैद हुई मनचलों की शर्मनाक हरकत

फतेहपुर में स्कूल जाती छात्राओं के साथ हुई एक घटना ने सभी को चौंका दिया है। सड़क पर हुई इस हरकत का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 April 2026, 1:57 PM IST

Fatehpur: फतेहपुर जिले में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। आईटीआई रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास स्कूल जा रही छात्राओं के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है।

छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का वीडियो वायरल

जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार दो युवक सड़क से गुजर रही छात्राओं पर फब्तियां कसते हुए नजर आए। इतना ही नहीं, उन्होंने एक छात्रा का हाथ पकड़ने जैसी आपत्तिजनक हरकत भी की। यह पूरी घटना एक कार सवार व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली थाना पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस हिरासत में आरोपी

पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रही बाइक के नंबर के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में ले लिया। साथ ही उनकी मोटरसाइकिल को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

Location :  Fatehpur

Published :  20 April 2026, 1:57 PM IST