बलरामपुर में 856 स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी, बीएसए के एक्शन से हड़कंप

बलरामपुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कम नामांकन वाले 856 सरकारी स्कूलों को नोटिस जारी कर शिक्षकों में खलबली मचा दी है। 482 प्राथमिक और 374 उच्च प्राथमिक स्कूलों में कक्षा 1 और 6 में दहाई से कम छात्र संख्या मिलने पर बीएसए ने डोर-टू-डोर अभियान और ठोस कार्ययोजना पेश करने का आदेश दिया है।

Balrampur: नई शुरुआत, नई उम्मीदें लेकिन जब स्कूलों के दरवाजे तो खुले हों और बच्चों की आवाज़ ही न पहुंचे तो सवाल उठना तय है। बलरामपुर में सरकारी शिक्षा व्यवस्था की ऐसी ही तस्वीर सामने आई है। जिसने विभाग को भी सख्त रुख अपनाने पर मजबूर कर दिया है।

पूरा मामला क्या है

बलरामपुर जिले के सरकारी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही शिक्षा विभाग ने उन स्कूलों पर सख्ती शुरू कर दी है जहां बच्चों के नामांकन की स्थिति बेहद कमजोर पाई गई है। विभागीय समीक्षा में जिले के 856 परिषदीय विद्यालयों की स्थिति चिंता बढ़ाने वाली सामने आई है। इस रिपोर्ट के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों से तुरंत स्पष्टीकरण तलब कर लिया है।

चौंकाने वाला खुलासा

समीक्षा में जो आंकड़े सामने आए, वे बेहद हैरान करने वाले हैं। 482 विद्यालयों में कक्षा एक में और 374 विद्यालयों में कक्षा छह में अब तक 10 से भी कम बच्चों का नामांकन हुआ है। यह स्थिति शिक्षा विभाग की चल रही योजनाओं और स्कूल चलो अभियान पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।

बीएसए का सख्त रुख

शुभम शुक्ला ने कहा है कि कम नामांकन यह दिखाता है कि स्कूल स्तर पर प्रयासों में गंभीर कमी है। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अब सिर्फ स्कूल तक सीमित न रहें, बल्कि घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और उन्हें सरकारी स्कूलों की सुविधाओं के बारे में जागरूक करें।

Balrampur News: निर्माणाधीन मकान से चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

स्कूल चलो अभियान पर जोर

जिले में स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने के लिए अब हर विद्यालय को नामांकन बढ़ाने की ठोस कार्ययोजना तैयार कर विभाग को देनी होगी। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो जिम्मेदार शिक्षकों और अधिकारियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

आगे की कार्रवाई

शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में स्कूलों की स्थिति में कितना सुधार आता है।

Location :  Balrampur

Published :  20 April 2026, 3:58 PM IST

Advertisement