फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से मलवां और खजुआ ब्लॉक में कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को अहम बैठक की। यह बैठक मलवा ब्लॉक के चौडगरा स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश और जिला स्तर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
लोगों के बीच कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाएं
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त किए बिना कोई भी राजनीतिक दल जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सकता। उन्होंने सभी ब्लॉक और बूथ अध्यक्षों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाएं और आम लोगों के बीच कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाएं।
भाजपा सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त
बैठक में मौजूद यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व मौजूदा प्रदेश महामंत्री कनिष्क पाण्डे ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त है। महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति ने आम जनमानस को निराश किया है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र विकल्प है जो जनता की उम्मीदों पर खरी उतर सकती है।
विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं
कानपुर नगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नौशाद मंसूरी ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका और जनकल्याणकारी योजनाओं को आज भी लोग याद करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि घर-घर जाकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सहभागिता दिखाई
बैठक में प्रवक्ता देवी प्रकाश दुबे, कलीम उल्ला, रामनरेश महराज, सैयद सहाब अली सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे और संगठन की मजबूती पर बल दिया। मलवा और देवमई ब्लॉक से आए कल्याण सिंह, राकेश शास्त्री, राम शंकर शुक्ला और विजय प्रताप सिंह जैसे कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सहभागिता दिखाई और संगठन को मजबूती देने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 2029 में पार्टी की सशक्त वापसी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
Ahmedabad Plane Crash: आगरा के दंपत्ति भी हुए प्लेन हादसे का शिकार, गांव में लोगों का तांता