Fatehpur News: जमीन विवाद में युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान अस्पताल में मौत

फतेहपुर जिले में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 March 2026, 6:23 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला शहजादेपुर गांव का है, जो राधानगर थाना क्षेत्र में आता है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी स्वर्गीय राम प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र नरेंद्र गांव में हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

यह है पूरा मामला 

डॉक्टरों ने बताया कि नरेंद्र की हालत काफी नाजुक थी, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें उपचार के लिए कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

फतेहपुर ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन, अस्पताल से कोर्ट तक छावनी बना शहर; पढ़ें पूरी खबर

मृतक के ससुर दारा सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नरेंद्र की शादी करीब तीन वर्ष पहले पूनम देवी के साथ हुई थी। दारा सिंह के मुताबिक जमीन के लालच को लेकर परिवार में पहले से विवाद चल रहा था।

हमले में नरेंद्र गंभीर रूप से घायल

उन्होंने आरोप लगाया कि 9 मार्च को नरेंद्र के बड़े भाई ज्ञान, उसकी पत्नी सरस्वती, बेटी रोशनी और बेटे शुभम ने मिलकर नरेंद्र पर ईंट, लाठी और डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

परिजनों के अनुसार घटना के बाद नरेंद्र को इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए कानपुर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भी दिखाया गया, जहां से भी डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए कानपुर ले जाने की सलाह दी।

फतेहपुर में रहस्यमयी मौतें: कर्ज, धमकी और खून से सना कमरा… सल्फास, ब्लेड और सुसाइड नोट ने बढ़ाई गुत्थी

परिजन नरेंद्र को कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक के ससुर का आरोप है कि दामाद की मौत होने के बावजूद कुछ लोग इस बात को छिपाने की कोशिश कर रहे थे और उन्हें गांव के लोगों से ही मौत की जानकारी मिली।

वहीं पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 13 March 2026, 6:23 PM IST