हिंदी
अपनी ही जमीन के लिए भटक रही महिला (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Fatehpur: यूपी के फतेहपुर जिले में एक महिला ने अपनी जमीन पर कब्जे और राजस्व विभाग द्वारा कराई गई पैमाइश के पत्थर तोड़े जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
महिला का कहना है कि वर्षों पहले न्यायालय के आदेश पर राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में उसकी जमीन की पैमाइश कर सीमा चिन्ह स्थापित कराए थे, लेकिन गांव के ही दबंगी उन पत्थरों को उखाड़कर तोड़ दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। अब पीड़िता ने दोबारा सीमांकन कराने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बता दे सदर तहसील के नरपतपुर गांव की रहने वाली संगीता देवी पत्नी राजेश कुमार ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी भूमि गाटा संख्या-180 से जुड़ा मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन था।
न्यायालय के आदेश के बाद वर्ष 2021 में राजस्व निरीक्षक की देखरेख में पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन का सीमांकन कराया गया और सीमा दर्शाने के लिए पत्थर गाड़े गए थे।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिनों बाद गांव के ही रामदयाल, पंकज और जुग्गीलाल ने उन पत्थरों को जबरन उखाड़कर तोड़ दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उन्हें धमकी दी गई कि यदि दोबारा जमीन के आसपास दिखाई दीं तो जान से मार देंगे।
संगीता देवी का कहना है कि वह पिछले दो-तीन वर्षों से लगातार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़िता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल की टीम गठित कर पुलिस सुरक्षा में दोबारा सीमांकन कराया जाए, जमीन पर सीमा चिन्ह दोबारा स्थापित किए जाएं और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
Location : Fatehpur
Published : 2 July 2026, 2:27 AM IST