
कलयुगी बेटे का खौफनाक कदम
Fatehpur : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मालवा थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव में एक बेटे ने शराब के लिए पैसे न मिलने पर अपनी ही मां पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां को परिजन अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक बरमतपुर गांव निवासी रामचंद्र रैदास मालवा थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। उनके दो बेटे हैं—आकाश और अरविंद कुमार। बताया गया कि बड़ा बेटा अरविंद शराब का आदी है और अक्सर अपनी मां माया देवी से शराब के लिए पैसे मांगता रहता था। गुरुवार शाम करीब चार बजे वह नशे की हालत में घर पहुंचा और पैसे की मांग करने लगा। मां के मना करने पर उसने घर में खड़ी मोटरसाइकिल की रॉड उठाकर माया देवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजन माया देवी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। कानपुर में इलाज के दौरान माया देवी ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Gorakhpur News: खजनी तहसील में बैनामा को लेकर मचा बवाल, रजिस्ट्री परिसर में मची अफरा-तफरी
मृतका के देवर शिव पूजन ने बताया कि अरविंद ने रॉड से पीटने के बाद भी कोई मदद नहीं की और नशे की हालत में तड़पती मां को देखता रहा। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो वह वहां से भाग निकला। खून से लथपथ हालत देखकर सभी लोग स्तब्ध रह गए।
Sonbhadra News: 10 ट्रेड यूनियनों का प्रदर्शन, श्रम संहिता रद्द करने और निजीकरण रोकने की मांग
मालवा थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी अरविंद कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसे दीवान का पूर्व मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह घटना एक बार फिर नशे की लत के भयावह परिणाम और पारिवारिक संबंधों पर उसके विनाशकारी असर को उजागर करती है।
Location : Fatehpur
Published : 12 February 2026, 8:55 PM IST
Topics : crime news fatehpur news UP News