
प्राथमिक विद्यालय जाने के लिये जोखिम भरा रास्ता (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Farrukhabad: विकासखंड कमालगंज के ग्राम चोपड़ा में शिक्षा का मंदिर बच्चों के लिए किसी संघर्ष क्षेत्र से कम नहीं है। प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने के लिए पक्का रास्ता न होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों को अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि नौनिहालों को रोजाना पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे अभिभावकों की चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
ग्राम चोपड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय के आसपास और आने जाने वाले मार्ग पर जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। स्थिति यह है कि विद्यालय जाने वाले मार्ग पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे गुजरते वक्त बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इस गंदे पानी में जहरीले सांप और खतरनाक कीड़े-मकौड़े होने का हर वक्त अंदेशा बना रहता है। ऐसे में किसी भी दिन कोई बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखें मूंदकर बैठे हैं।
बरसात के मौसम में यह समस्या और भी ज्यादा विकराल रूप धारण कर लेती है। रोजाना बच्चों को पानी के बीच से स्कूल जाते देख अभिभावकों के मन में हर पल अनहोनी का डर सताता रहता है। परिजनों का कहना है कि वे अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए भेजते हैं, लेकिन व्यवस्थाओं की कमी के कारण वे उन्हें रोज एक खतरे भरे रास्ते पर धकेलने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल के रास्ते की इस बदहाली को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के जिम्मेदारों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गांव के शिवलाल, रामपाल, महेश, बृजेश, सत्यराम, मुकेश और गौरव समेत अन्य कई ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की इस उदासीनता का खामियाजा अंततः उनके मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल प्रभाव से इस गंभीर मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उनकी मांग है कि प्राथमिक विद्यालय तक जल्द से जल्द एक सुरक्षित और पक्के रास्ते का निर्माण कराया जाए, ताकि नौनिहालों को पानी में उतरकर स्कूल जाने से मुक्ति मिल सके और उन्हें किसी भी संभावित दुर्घटना से सुरक्षित रखा जा सके। अब देखना यह होगा कि प्रशासन की नींद कब टूटती है और इन बच्चों को कब तक सुरक्षित रास्ता नसीब होता है।
Location : Farrukhabad
Published : 6 September 2026, 10:46 AM IST
Topics : farrukhabad news Kamalganj Primary School Rural Education Issues UP News Water Logging in School