देवरिया में सरयू नदी का रौद्र रूप, खतरे के निशान से 41 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा जलस्तर

सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से देवरिया जिले के तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नदी खतरे के निशान से 41 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है, देवरहा बाबा आश्रम मार्ग डूब गया है और कई गांवों में पानी फैलने से फसलें प्रभावित हुई हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 6 September 2026, 9:45 AM IST
google-preferred

देवरिया: सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर ने तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। नदी का पानी लगातार बढ़ने से देवरहा बाबा आश्रम जाने वाला मार्ग दूसरी बार बाढ़ के पानी में डूब गया है। रास्ता बंद होने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग बिना दर्शन किए वापस लौटने को मजबूर हैं।

सरयू के बढ़ते दबाव से गांवों में फैला पानी

छित्तूपुर रेगुलेटर पर सरयू नदी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण जमुआर नाले का पानी नदी में नहीं गिर पा रहा है, जिससे नाला उफान पर आ गया है। आसपास के गांवों में पानी फैलने लगा है और सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गई है।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू

पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हो रही बारिश के साथ बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार शाम चार बजे नदी का जलस्तर 64.420 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 64.010 मीटर से 41 सेंटीमीटर अधिक है।

केंद्रीय जल आयोग, तुर्तीपार के अनुसार पिछले 24 घंटे में सरयू नदी के जलस्तर में 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नदी का पानी हर दो से तीन घंटे में करीब एक सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है।

कई गांवों पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

जलस्तर में लगातार वृद्धि से भागलपुर, देवसिया, नरियांव, मईल, मईलौटा, तेलियां कला, बलिया उत्तर, बलिया दक्षिण, सहियांगढ़, तकिया, धरहरा और आदर्श नगर समेत कई तटवर्ती गांवों के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।

Location :  Deoria

Published :  6 September 2026, 9:45 AM IST

Advertisement