फतेहपुर जिले के धाता विकास खंड के पौली नहर पुल के पास धाता–विजयीपुर मार्ग पर भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत गुट) के बैनर तले किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन लगातार जारी है।

किसानों का जबरदस्त हंगामा
Fatehpur: फतेहपुर जिले के धाता विकास खंड के पौली नहर पुल के पास धाता–विजयीपुर मार्ग पर भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत गुट) के बैनर तले किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। धरना संगठन के तहसील सचिव रामसरन सिंह की अध्यक्षता में चल रहा है, जिसमें लगभग एक सैकड़ा किसान पिछले तीन दिनों से डटे हुए हैं।
किसानों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सुनवाई नहीं हुई, तो दोपहर 2 बजे धाता–विजयीपुर मार्ग पर चक्का जाम किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार करीब 3 बजे किसान सड़क पर बैठ गए और लगभग 30 मिनट तक मार्ग जाम कर प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान आवागमन बाधित हुआ और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अशोक कुमार कुशवाहा एवं खखरेरू थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को जल्द सुनवाई मिलेगी। इसके बाद किसान सड़क से हटकर मार्ग के किनारे धरने पर बैठने को तैयार हो गए। देर शाम तक किसानों और प्रशासन के बीच वार्ता जारी रही।
Auto News: इस दिन लॉन्च होगी Tata Punch EV Facelift, नए फीचर्स और ADAS के साथ बनेगी और दमदार
किसानों ने बताया कि क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, बंद पड़ी सहकारी समितियां, खाद की किल्लत और सिंचाई व्यवस्था की बदहाली से उनकी खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा, क्षेत्र में बढ़ते बंदरों और नीलगायों के आतंक से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। यही कारण है कि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
धरने में जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह, जिला महासचिव जितेंद्र त्रिपाठी, राम भवन सिंह, रामबरन सिंह, सत्यजीत सिंह, करन हेमंत सिंह, जय सिंह सहित लगभग एक सैकड़ा किसान मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
Etah: न्यायालय परिसर में पुलिस ने चलाया सुरक्षा अभियान, संदिग्धों और वाहनों की की गई जांच
किसानों का यह धरना प्रदर्शन उनकी गंभीर समस्याओं को उजागर करता है। प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद, यदि उनकी मांगों पर उचित कदम नहीं उठाए गए, तो संघर्ष और बढ़ सकता है। धाता विजयीपुर मार्ग पर किसानों की सक्रियता से स्थानीय आवागमन प्रभावित हुआ, लेकिन वार्ता से फिलहाल स्थिति नियंत्रित रही।