बिजली कटौती से परेशान किसान अब सड़क पर उतरेंगे! 25 सितंबर को भाकियू की महापंचायत, जानिए क्या हैं मांगें

देवरिया में बिजली कटौती, जर्जर तारों, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों और बिजली बिलों में गड़बड़ी जैसी समस्याओं को लेकर भाकियू 25 सितंबर को किसान महापंचायत करेगी। संगठन के पदाधिकारी सुबह 11 बजे टाउन हॉल में जुटेंगे और वहां से अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचेंगे।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 September 2026, 5:36 PM IST

Deoria: जिले में बिजली कटौती, जर्जर तारों और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों समेत कई विद्युत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने आंदोलन का ऐलान किया है। भाकियू की ओर से 25 सितंबर को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर किसानों की विद्युत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

मासिक बैठक में बिजली समस्याओं पर चर्चा

सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगले में भाकियू जिला इकाई की मासिक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गिरीश नारायण शाही उर्फ बड़े शाही ने की। इस दौरान जिले में बिजली व्यवस्था से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चर्चा की। बैठक में बिजली कटौती, जर्जर विद्युत तार, ओवरलोड ट्रांसफार्मर और बिजली बिलों में गड़बड़ी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

विवाहिता की मौत के बाद सास-ससुर पर केस, दोनों गिरफ्तार; देवरिया में पुलिस की कार्रवाई

शिधुआ में 33/11 केवीए उपकेंद्र की मांग

भाकियू जिलाध्यक्ष ने शिधुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र बनाए जाने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि इससे आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को बेहतर करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा जिन गांवों में अब तक जर्जर विद्युत तार नहीं बदले गए हैं, वहां पुराने तारों को हटाकर केबल लगाने की मांग की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर 11 हजार वोल्ट के तारों को बदलने और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग भी बैठक में उठाई गई।

बिजली कटौती का मुद्दा भी उठा

भाकियू के पूर्वी उत्तर प्रदेश सचिव विनोद गुप्ता ने जिले में जारी बिजली कटौती का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समाधान जरूरी है, क्योंकि इसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों पर पड़ता है। बैठक में पदाधिकारियों ने तय किया कि अपनी मांगों को लेकर संगठन अब महापंचायत के जरिए अधिकारियों के सामने समस्याएं रखेगा।

देवरिया में ठीक बताई गई सड़क, लेकिन गड्ढों ने खोल दी पोल; अंबेडकरनगर में बाइक सवार छात्रा गिरी

25 सितंबर को टाउन हॉल से निकलेंगे कार्यकर्ता

जिला संयोजक सदानंद यादव ने बताया कि 25 सितंबर को सुबह 11 बजे भाकियू के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन देवरिया टाउन हॉल में एकत्र होंगे। यहां से सभी लोग अधीक्षण अभियंता कार्यालय के लिए रवाना होंगे, जहां किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। संगठन ने कहा है कि महापंचायत के दौरान बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग अधिकारियों के सामने रखी जाएगी।

बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद

मासिक बैठक में मंडल संयोजक शहीद ख्वाजा मंसूरी, जिला महासचिव धनंजय सिंह, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष श्यामदेव राय, जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह और कृष्णकांत सिंह, जिला सलाहकार मदन चौहान, जिला कोषाध्यक्ष चंद्रदेव सिंह और जिला मंत्री प्रभुदयाल समेत बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Deoria

Published :  21 September 2026, 5:36 PM IST